सामाजिक न्याय मंत्री ने ली निगम अधिकारियों की बैठक

जबलपुर 17 अगस्त । सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री लखन घनघोरिया ने आज शनिवार को नगर निगम के अधिकारियों की बैठक ली और शहर खासतौर पर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के निचले इलाकों को जलप्लावन से मुक्ति दिलाने सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिये । सामाजिक न्याय मंत्री के ब्यौहारबाग स्थित कार्यालय में आयोजित इस बैठक में निगम आयुक्त आशीष कुमार, विधायक प्रतिनिधि राममोहन गुप्ता “कल्लन” तथा नगर निगम के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे ।
श्री घनघोरिया ने बैठक में निगम अधिकारियों को उन क्षेत्रों का भ्रमण करने के निर्देश भी दिये जहां हाल ही में हुई बारिश में जलभराव की स्थिति से नागरिकों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा था । उन्होंने ऐसे क्षेत्रों में नाले-नालियों की नियमित तौर पर साफ-सफाई कराने की हिदायत निगम अधिकारियों को दी तथा पानी के बहाव में बाधक बने अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिये ।
श्री घनघोरिया ने निगम अधिकारियों से कहा कि जिन नालों की गलत डिजाइन की वजह से जलप्लावन की स्थिति बनी है वहां जरूरी सुधार किया जाये अथवा नालों को पूर्व की स्थिति में लाया जाये । उन्होंने बारिश के दौरान दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़कों की मरम्मत और सड़कों के गड्ढे भरे जाने के निर्देश भी निगम अधिकारियों को दिये ।
सामाजिक न्याय मंत्री ने इस मौके पर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत विकास कार्य प्रारंभ करने पर जोर देते हुए सिद्धबाबा मंदिर एवं हनुमान टोरिया में उद्यान बनाने के निर्देश दिये । उन्होंने घमापुर चौक के समीप रद्दी चौकी मार्ग पर पाइप लाइन के कारण सड़क के बार-बार खराब होने की समस्या को स्थायी रूप से दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही । श्री घनघोरिया ने घमापुर से शीतलामाई मार्ग के चौड़ीकरण के पहले इस मार्ग की सभी पुल-पुलियों को दुरूस्त करने की हिदायत भी दी । बैठक में मंडी मदार टेकरी, कुचबंधिया मोहल्ला, वंशकार मोहल्ला, जंजीरा पुल के पास कंजड़ मोहल्ला, लोधी मोहल्ला, उड़िया मोहल्ला, कोरी मोहल्ला, तमेरा मोहल्ला, चारखम्बा, मोतीनाला अस्पताल, सिंधी कैम्प, अच्छे मियां का बाड़ा, झामनदास चौक आदि स्थानों पर जलप्लावन से पैदा हुई स्थिति पर चर्चा की गई तथा इस समस्या का स्थाई तौर पर निराकरण करने के निर्देश दिये गये ।
बैठक में अपर आयुक्त नगर निगम रोहित कौशल, अधीक्षण यंत्री एस.के. द्विवेदी, कार्यपालन यंत्री पुरूषोत्तम तिवारी, कमलेश श्रीवास्तव, भूपेन्द्र सिंह एवं नगर निगम के सभी संभागीय अधिकारी मौजूद थे । बैठक के बाद मंत्री श्री घनघोरिया के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि श्री राममोहन गुप्ता “कल्लन” के साथ नगर निगम अधिकारियों ने शीतलामाई क्षेत्र के जलप्लावन वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया ।
