मदन महल पहाड़ियों को अतिक्रमण मुक्त बनाने कार्रवाई की समीक्षा

जबलपुर 17 अगस्त । मदन महल पहाड़ियों को अतिक्रमण से मुक्त कराकर वृक्षारोपण, सौन्दर्यीकरण, संरक्षण और संवर्धन तथा पर्यावरणीय विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा संभागायुक्त राजेश बहुगुणा द्वारा उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार मदन महल पहाड़ी से अतिक्रमण हटाने के लिए गठित समिति की बैठक में की गई।
बैठक में अभी तक हटाए गए अतिक्रमण की जानकारी ली गई और शेष अतिक्रमण को हटाने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए समय के लक्ष्यानुसार अतिक्रमणों को हटाया गया है। इस अवसर पर कलेक्टर भरत यादव, पुलिस अधीक्षक अमित सिंह, अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित सहित नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
संभागायुक्त ने कहा कि वन विभाग, राजस्व और नगर निगम द्वारा सर्वे कर लिया जाए कि अतिक्रमण हटाने के लिए चिन्हित क्षेत्रों में कोई अतिक्रमण बचा तो नहीं है। बैठक में बताया गया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूर्णत: निष्पक्षता के साथ की गई है। चिन्हित क्षेत्रों में जहां निजी भूमि है उनके पुराने रिकार्ड देखें जा रहे हैं।
बैठक में सौन्दर्यीकरण, वृक्षारोपण, वाटर रिचार्जिंग, लैण्ड स्केपिंग के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। पर्यावरण संरक्षण-संवर्धन, जैव विविधता, कला-संस्कृति के विकास के कार्यों की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में संभागायुक्त ने उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के पालन-प्रतिवेदन की समीक्षा की। समिति की गत माह की बैठक में याचिकाकर्ता के अधिवक्ता तथा याचिकाकर्ताओं के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर की गई कार्रवाही की जानकारी ली गई। कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि गत दिवस उनके द्वारा ली गई बैठक में विभिन्न धार्मिक क्षेत्रों के अतिक्रमण के रूप में चिन्हित हिस्सों से स्वेच्छा से समय-सीमा में अतिक्रमण हटाने के लिए सहमति जताई गई है।
