प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल 9 एवं 10 जुलाई को सीधी जिले के दौरे पर रहेंगे

प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल 9 एवं 10 जुलाई को सीधी जिले के दौरे पर रहेंगे
धर्मेन्द्र सिंह बघेल पत्रकार सीधी
भूमिपूजन, लोकार्पण, हितलाभ वितरण एवं समीक्षा बैठकों सहित विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल
सीधी 08 जुलाई 2026
मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा सीधी जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल 9 एवं 10 जुलाई को सीधी जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे 9 जुलाई को प्रातः 9 बजे चुरहट सर्किट हाउस पहुंचेंगे। प्रातः 10.45 बजे जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद प्रातः 11.15 बजे जनपद पंचायत रामपुर नैकिन की ग्राम पंचायत कुआं में पांच आंगनबाड़ी भवनों का भूमिपूजन करेंगे। प्रातः 11रू45 बजे नगर पंचायत रामपुर नैकिन के सामुदायिक भवन में आयोजित हितलाभ वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दोपहर 1 बजे हनुमानगढ़ तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण तथा दोपहर 1.30 बजे सेमरिया तहसील कार्यालय भवन का शुभारंभ करेंगे। दोपहर 2 बजे उच्च विश्राम गृह सीधी में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके पश्चात अपराह्न 3 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक लेंगे।
अपराह्न 4 बजे आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण विभाग, पीआईयू, रेलवे भू-अर्जन, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, कृषि, जल संसाधन तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभागों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके बाद शाम 5.30 बजे में सीधी शहर में नव निर्मित पार्क का लोकार्पण करेंगे। शाम 6 बजे सीधी से परसिली के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।
प्रभारी मंत्री 10 जुलाई को प्रातः 9.30 बजे सेमरिहा में कटहल प्रसंस्करण इकाई का अवलोकन करेंगे। इसके बाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताला में आयोजित किसान एवं महिला कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 1.30 बजे ग्राम पंचायत खजुरिहा में के अंतर्गत निर्मित आवासों का लोकार्पण करेंगे। दोपहर 2 बजे बिजुरी जिला अनूपपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
—————
प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक 09 जुलाई को
सीधी 08 जुलाई 2026
अपर कलेक्टर ने जानकारी दी है कि मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सीधी जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में 9 जुलाई 2026 को अपराह्न 3 बजे जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक का आयोजन जिला पंचायत सीधी के सभाकक्ष में किया गया है। अपर कलेक्टर ने समस्त विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे विभागीय योजनाओं की अद्यतन जानकारी एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ निर्धारित समय पर बैठक में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।
—————
जिले में अब तक 143.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
08 जुलाई को 5.9 मि.मी. औसत बारिश, रामपुर नैकिन में सर्वाधिक 15.5 मि.मी. वर्षा
सीधी 08 जुलाई 2026
तहसीलदार, भू-अभिलेख एवं भू-संसाधन प्रबंधन ने बताया कि जिले में 08 जुलाई को 5.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई। तहसीलवार वर्षा में रामपुर नैकिन में सर्वाधिक 15.5 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मझौली में 12.0 मि.मी., गोपद बनास में 4.2 मि.मी., चुरहट में 4.0 मि.मी., बहरी में 3.4 मि.मी., कुसमी में 2.0 मि.मी. तथा सिहावल में 3.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि 01 जून से 08 जुलाई 2026 तक जिले में 143.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। इस अवधि में तहसीलवार वर्षा के आंकड़ों के अनुसार सिहावल में सर्वाधिक 191.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त मझौली में 174.0 मि.मी., कुसमी में 161.2 मि.मी., गोपद बनास में 143.8 मि.मी., बहरी में 117.8 मि.मी., चुरहट में 112.5 मि.मी. तथा रामपुर नैकिन में 103.8 मि.मी. औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष इसी अवधि में जिले में 329.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इसके मुकाबले इस वर्ष अब तक 186.3 मि.मी. कम वर्षा हुई है।
—————
मझौली के ग्राम ठोंगा में कृषक पाठशाला आयोजित
खरीफ फसलों की रोपाई, जैविक खेती एवं उन्नत कृषि तकनीकों का दिया गया प्रशिक्षण
सीधी 08 जुलाई 2026
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के विकासखंड मझौली द्वारा ग्राम पंचायत ठोंगा में कृषि वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कृषक पाठशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों एवं महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों को खरीफ फसलों की रोपाई, फसल प्रबंधन तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती की तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान ब्रह्मास्त्र, नीमास्त्र सहित जैविक संसाधनों से तैयार किए जाने वाले प्राकृतिक कीटनाशकों के निर्माण एवं उपयोग की जानकारी दी गई। कृषि विभाग द्वारा प्रतिभागियों को रागी का बीज वितरित किया गया। साथ ही अरहर की धारवाड़ पद्धति से खेती की तकनीक समझाते हुए प्रदर्शन हेतु नमूने भी उपलब्ध कराए गए।
प्रशिक्षण में सहायक विकासखंड प्रबंधक सुंदरलाल तिवारी, वरिष्ठ सीआरपी प्रेमवती कुशवाहा, ललिता साकेत, सविता कुशवाहा, विद्यावती कुशवाहा, पुष्पा सिंह तथा यंग प्रोफेशनल उज्ज्वल आनंद मिश्रा ने प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम में ग्राम की 45 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का समन्वय एवं संचालन विकासखंड प्रबंधक चंद्रकांत सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, उत्पादन लागत कम करने तथा खरीफ फसलों के वैज्ञानिक प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया।
—————
कुचवाही बाजार में प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली जब्त
मत्स्य विभाग ने 16 किलोग्राम मछली नष्ट कर विक्रेता को दी सख्त चेतावनी
सीधी 08 जुलाई 2026
सहायक संचालक मत्स्योद्योग ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में मत्स्य विभाग के दल ने बुधवार को कुचवाही बाजार में कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली का विक्रय करते पाए जाने पर एक विक्रेता से लगभग 16 किलोग्राम मछली जब्त की।
कार्रवाई के दौरान मत्स्य विक्रेता सोनू भुजवा के पास से जब्त की गई प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली का शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र गोरियरा, सीधी में नियमानुसार विनिष्टीकरण (नष्ट) किया गया।
मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने विक्रेता को सख्त हिदायत दी कि थाई मांगुर मछली का पालन एवं विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित है। भविष्य में इस प्रकार की गतिविधि पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई दल में मत्स्य निरीक्षक मयंक मिश्र के साथ मत्स्य जमादार दीपनारायण तिवारी एवं श्यामलाल केवट शामिल रहे।
—————
सोनवर्षा में व्यावसायिक सब्जी उत्पादन का 12 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित, जैविक खेती एवं आयवर्धन तकनीकों की दी गई जानकारी
सीधी 08 जुलाई 2026
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, विकासखंड मझौली एवं आरसेटी (RSETI) संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड मझौली के ग्राम सोनवर्षा में व्यावसायिक सब्जी उत्पादन विषय पर आयोजित 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन प्रमाण-पत्र वितरण के साथ हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यावसायिक सब्जी उत्पादन, सब्जी आधारित आयवर्धन गतिविधियों, जैविक खेती, जैविक संसाधनों के महत्व, प्राकृतिक एवं जैविक कीटनाशकों के उपयोग तथा उन्नत कृषि तकनीकों के माध्यम से उत्पादन एवं आय बढ़ाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षक के रूप में जिला प्रबंधक (कृषि) विजयशंकर गिरी, आरसेटी संस्थान के संतोष साहू, वरिष्ठ सीआरपी प्रेमवती कुशवाहा, बिमला कुशवाहा एवं लक्ष्मी ताम्रकार ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
समापन अवसर पर जनपद सदस्य सुमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर व्यावसायिक सब्जी उत्पादन को आजीविका का प्रभावी माध्यम बनाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला प्रशासन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, जिला परियोजना प्रबंधक मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन पुष्पेंद्र सिंह, आरसेटी संस्थान के निदेशक शिवेंद्र चौधरी तथा विकासखंड प्रबंधक मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन मझौली चंद्रकांत सिंह का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के समन्वय एवं सफल संचालन में सहायक विकासखंड प्रबंधक भरत सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
—————
सफलता की कहानी
मुर्गी पालन से आत्मनिर्भर बनीं संतोषी प्रजापति, अब लखपति दीदी बनने का लक्ष्य
सीधी 08 जुलाई 2026
सीधी जिले के विकासखंड मझौली के एक ग्रामीण परिवार से आने वाली संतोषी प्रजापति के जीवन में आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई शुरुआत मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद हुई। मिशन के अंतर्गत अमृता स्व-सहायता समूह का गठन हुआ, जिसमें नियमित बचत एवं बैठकों के माध्यम से समूह को सशक्त बनाया गया।
समूह के बैंक से जुड़ने के बाद संतोषी प्रजापति को 20 हजार रुपये की ऋण सहायता प्राप्त हुई। इस राशि का उपयोग उन्होंने मुर्गी पालन व्यवसाय शुरू करने में किया। उन्होंने देशी नस्ल के चूजे खरीदे, उनके पालन-पोषण के लिए एक छोटा शेड तैयार किया और व्यवस्थित ढंग से व्यवसाय प्रारंभ किया।
आज संतोषी प्रजापति का मुर्गी पालन व्यवसाय लगातार आगे बढ़ रहा है। वह चूजों को खरीदकर उनका पालन करती हैं और लगभग 1 से 2 किलोग्राम वजन होने पर उन्हें बाजार में बेचती हैं। देशी मुर्गों की अच्छी मांग के कारण उन्हें उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है। वर्तमान में एक देशी मुर्गे की कीमत लगभग 500 से 600 रुपये तक मिल जाती है, जिससे उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो रही है।
संतोषी प्रजापति बताती हैं कि मुर्गी पालन से उन्हें नियमित आय का स्रोत मिला है और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। वे इस व्यवसाय से पूरी तरह संतुष्ट हैं तथा भविष्य में इसे और विस्तारित करने की योजना बना रही हैं।
संतोषी का विश्वास है कि निरंतर मेहनत, स्व-सहायता समूह का सहयोग और ग्रामीण आजीविका मिशन के मार्गदर्शन से वह शीघ्र ही श्लखपति दीदीश् के लक्ष्य को प्राप्त करेंगी। उनकी सफलता अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है कि सही मार्गदर्शन, सामूहिक प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर आर्थिक आत्मनिर्भरता का सपना साकार किया जा सकता है।
—————
म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
मिशन कार्यों में पारदर्शिता एवं सुशासन को बढ़ावा देने की पहल
सीधी 08 जुलाई 2026
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्व-सहायता समूहों, ग्राम संगठन, संकुल स्तरीय संघों एवं अन्य हितग्राहियों की शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित निराकरण के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
मिशन के अधिकारियों ने बताया कि मिशन की गतिविधियों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित स्व-सहायता समूहों एवं उनके परिसंघों से संबंधित किसी भी प्रकार के सुझाव या शिकायत कार्यालयीन दिवसों में प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक हेल्पलाइन नंबर 07822-356497 पर दर्ज कराई जा सकती है।
मिशन ने सभी स्व-सहायता समूहों एवं संबंधित हितग्राहियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत अथवा सुझाव के लिए हेल्पलाइन का उपयोग करें, ताकि उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
