श्री रामकिंकर विचार मिशन सीधी के तत्वावधान में मंगलमयी श्रीराम कथा के भव्य आयोजन का शुभारम्भ
प्रमुख संपादक पत्रकार धर्मेंद्र सिंह बघेल
श्री रामकिंकर विचार मिशन सीधी के तत्वावधान में मंगलमयी श्रीराम कथा के भव्य आयोजन का शुभारम्भ पद्मविभूषण, युगतुलसी पूज्यपाद श्री रामकिंकर जी महाराज के आत्मिक कृपापात्र शिष्य श्रद्धेय सन्त स्वामी श्री मैथिलीशरण जी “भाई जी महाराज” ऋषिकेश के करकमलों द्वारा प्रभु श्रीराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस वर्ष की कथा का विषय ज्ञानदीपक प्रसंग है। मानस के गूढ़तम और मार्मिक प्रसंग की व्याख्या ज्ञान, भक्ति और साधनापरक दृष्टान्तों के माध्यम से शास्त्रसम्मत मौलिक विवेचन के लिए प्रख्यात स्वामी श्री मैथिलीशरण जी महाराज के द्वारा किया गया। सीधी शहर के प्रबुद्ध श्रोताओं ने शरदपूर्णिमा के शुभ अवसर पर महाराजश्री के मुखारविन्द से निस्रित कथामृत का रसपान कर धन्यता का अनुभत करते हुए महाराज श्री के प्रति अपनी कृतज्ञता ज्ञापित की। श्रीरामकथा का यह आयोजन दिनांक 26 अक्टूबर तक अनवरत जारी रहेगा। समस्त कथाप्रेमी रसिक श्रोताओं से अनुरोध है कि वे समय से पधारकर श्रीराम रसामृत की अविरल धारा में आकण्ठ निमग्न होने का सौभाग्य प्राप्त करें। उक्त अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित सुधी श्रोताओं का स्वागत वरिष्ठ अधिवक्ता लालमणि सिंह के द्वारा तथा धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी चन्द्रमोहन गुप्त के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डा. रामलला शर्मा जी के द्वारा किया गया।