दिल्ली के पूर्व आप नेता कपिल शर्मा भाजपा में हुए शामिल

नई दिल्ली, 17 अगस्त । दिल्ली सरकार के पूर्व जल मंत्री कपिल मिश्रा और आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता व महिला विंग की अध्यक्ष रिचा पाण्डेय मिश्रा आज अपने दल बल के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुये। दिल्ली भाजपा प्रभारी श्याम जाजू, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कपिल को भाजपा का पटका पहनाकर विधिवत पार्टी में शामिल किया।
प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि केजरीवाल ने जिस दिन सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा था उसी दिन से कपिल मिश्रा ने उसका विरोध करना शुरू कर दिया था और राष्ट्रवाद से जुड़ गये थे। आम आदमी पार्टी में रह कर कपिल मिश्रा ने हमेशा केजरीवाल की जनविरोधी नीतियों का विरोध करते रहे हैं। आम आदमी पार्टी दिल्ली की जनता के मन से उतर चुकी है और अब दिल्ली के लोग भारतीय जनता पार्टी को विकल्प के रूप में देख रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि कपिल मिश्रा पार्टी की नीतियों में संकल्प लेकर दिल्ली में बैठी उस सत्ता के खिलाफ काम करेंगे जो जनविरोधी और लोगों को गुमराह करने वाली है। कपिल मिश्रा अब तक जनविरोधी लोगों के साथ थे और अब उन लोगों को दिल्ली की सत्ता से हटाने के लिए काम करके राष्ट्रहित में अपना योगदान देंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की नीतियों पर चलकर देश की सेवा करेंगे।
