शिक्षा की आड़ में केजरीवाल के मंसूबों की पोल खुल चुकी है- मनोज तिवारी

दिल्ली की स्कूल प्रबंधन समितियों के नाम पत्र तैयार करके शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों को बदनाम करने के आम आदमी पार्टी के आरोपों को खारिज करते हुये दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल की शिक्षा नीति की पोल खुल चुकी है, यह सबको पता चल चुका है कि केजरीवाल किस तरह से शिक्षा से जुड़ी संस्थाओं का अपनी राजनीति के लिए इस्तेमाल करते हैं।
शिक्षा नीति का जो माॅडल आम आदमी पार्टी ने बनाया है वह शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने की जगह आम आदमी पार्टी के हित में काम करने वाला है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में अभिभावकों के साथ 21 से 24 जून, 2019 तक होने वाली बैठक रद्द होने पर दिल्ली के उपराज्यपाल का धन्यवाद करते हुये श्री मनोज तिवारी ने कहा कि सरकारी संस्थाओं का अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करना केजरीवाल की पुरानी आदत है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
दिल्ली में शिक्षा का व्यापक क्षेत्र है और इससे लाखों लोग जुड़े हैं इसलिए केजरीवाल शिक्षा से जुड़ी हुई संस्थाओं पर दबाव डालकर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करवाते हैं जिससे आम आदमी पार्टी को फायदा मिल सके। ऐसे कार्यक्रमों में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जाकर अपना राजनैतिक एजेंडा रखते हैं और केजरीवाल का समर्थन करने के लिए अभिभावकों और अध्यापकों पर दबाव डालते हैं जिसकी चारों तरफ निंदा होनी चाहिये।
