प्राकृतिक खेती से कम होगी लागत, बढ़ेगा लाभ और सुरक्षित रहेगा पर्यावरण – सांसद राजेश मिश्रा

प्राकृतिक खेती से कम होगी लागत, बढ़ेगा लाभ और सुरक्षित रहेगा पर्यावरण – सांसद राजेश मिश्रा

धर्मेंद्र सिंह बघेल पत्रकार
9993496274
झलवार में प्राकृतिक खेती और जैविक उत्पादन पर केंद्रित कार्यशाला आयोजित
प्राकृतिक खेती, प्रसंस्करण एवं विपणन पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी
सीधी 20 जूून 2026
जिले के ग्राम झलवार में प्राकृतिक खेती और जैविक उत्पादन पर केंद्रित कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जैविक उत्पादन, मूल्य संवर्धन एवं कृषि उत्पादों के विपणन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता कर प्राकृतिक खेती को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में प्राकृतिक खेती को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर किसानों को कम लागत, अधिक लाभ और स्वस्थ उत्पादन की दिशा में प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि और कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए अनेक नवाचार किए जा रहे हैं, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल खेती की तकनीक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ भूमि, शुद्ध जल और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का माध्यम है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे परंपरागत ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक सलाह के समन्वय से प्राकृतिक खेती को अपनाएं तथा अपने खेतों को आत्मनिर्भर और टिकाऊ बनाएं।
उन्होंने कहा कि अब समय केवल उत्पादन बढ़ाने का नहीं, बल्कि उत्पादों का मूल्य संवर्धन और प्रसंस्करण कर किसानों की आय को कई गुना बढ़ाने का है। जिले में कटहल, महुआ, कोदो-कुटकी, मोटे अनाज तथा अन्य वन एवं कृषि उत्पादों की अपार संभावनाएं हैं। यदि इन उत्पादों के प्रसंस्करण की स्थानीय इकाइयां स्थापित की जाएं तो किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
सांसद ने विशेष रूप से कटहल और महुआ का उल्लेख करते हुए कहा कि कटहल आधारित प्रसंस्कृत उत्पाद तथा महुआ से तैयार खाद्य सामग्री राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी अलग पहचान बना सकती है। महुआ से तैयार लड्डू और अन्य उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों तथा युवा उद्यमियों से इन उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और निर्यात की दिशा में आगे आने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सीधी जिला प्राकृतिक खेती और कृषि आधारित उद्योगों का मॉडल बन सकता है। इसके लिए किसानों को उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण, विपणन और निर्यात तक की पूरी श्रृंखला से जोड़ने की आवश्यकता है। प्राकृतिक खेती से उत्पादित सामग्री की मांग देश-विदेश में तेजी से बढ़ रही है, जिसका लाभ स्थानीय किसानों को मिलना चाहिए।
समाजसेवी देवकुमार सिंह चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों के लिए कम लागत और अधिक लाभ का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर गौ-आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से भूमि की उर्वरता बनी रहती है, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित उत्पादन प्राप्त होता है। साथ ही उन्होंने किसानों से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
कृषि विज्ञान केन्द्र सीधी के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. शैलेन्द्र सिंह गौतम ने प्राकृतिक खेती के वैज्ञानिक पक्ष, पौध प्रबंधन एवं नर्सरी विकास की तकनीकों की जानकारी दी। उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग आर.एस. गुप्ता ने रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए किसानों से गौ-आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह किया। वहीं, जिला परियोजना प्रबंधक पुष्पेन्द्र सिंह ने प्राकृतिक उत्पादों के विपणन एवं स्वरोजगार की संभावनाओं पर जानकारी दी।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी रामकुमार रावत ने मंच संचालन किया। गीता पटेल, डीजी पीडी आत्मा ने मिट्टी परीक्षण एवं प्राकृतिक खेती की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कु. प्रीति सिंह, बीटीएम रामपुर नैकिन ने प्राकृतिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी। प्रगतिशील कृषक विनय सिंह ने बायोनिकेट रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि नारायण प्रसाद कुशवाहा ने जैविक विधि से सब्जी उत्पादन के अपने अनुभव साझा किए।
—————
विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से नहीं होगा कोई समझौता – विधायक रीती पाठक

डिजिटल लाइब्रेरी, रेलवे स्टेशन, ऑडिटोरियम सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
सीधी 20 जूून 2026
विधायक रीती पाठक ने जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी, गोपालदास मंदिर परिसर, नौढ़िया स्थित प्रगतिरत रेलवे स्टेशन, शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम हॉल तथा जनपद पंचायत के प्रस्तावित नवीन भवन के लिए चिन्हित भूमि का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि विकास कार्य केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये जिले के भविष्य और नागरिकों की सुविधाओं से सीधे जुड़े हुए हैं। इसलिए प्रत्येक परियोजना का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक धन से होने वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डिजिटल लाइब्रेरी के निरीक्षण के दौरान विधायक ने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाइब्रेरी को आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त स्वरूप दिया जाए, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल संसाधनों तक बेहतर पहुंच मिल सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले के बच्चों और युवाओं के भविष्य निर्माण से जुड़ी है, इसलिए इसके निर्माण एवं संचालन में सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाए।
शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम हॉल का निरीक्षण करते हुए विधायक ने भवन की संरचना, बैठने की व्यवस्था, मंच, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को आवश्यक कमियों को शीघ्र दूर करने तथा छात्राओं की आवश्यकता के अनुरूप सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह ऑडिटोरियम शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा, इसलिए इसकी गुणवत्ता और उपयोगिता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
महाविद्यालय परिसर में निरीक्षण के दौरान उपस्थित कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि जिले में संचालित सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित से जुड़े सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके।

विधायक ने नौढ़िया स्थित प्रगतिरत रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन के उन्नयन से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा आवागमन को नई गति मिलेगी। वहीं गोपालदास मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीढ़ी एवं नाली निर्माण के निर्देश दिए।
इसके अलावा विधायक ने जनपद पंचायत के प्रस्तावित नवीन भवन के लिए चयनित भूमि का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि नवीन भवन के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा होगी तथा आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, तहसीलदार गोपद बनास राकेश शुक्ला, समाजसेवी विश्वबंधुधर द्विवेदी, पुनीत नारायण शुक्ला, पुष्पराज सिंह, पंकज पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
—————
सफलता की कहानी
कच्चे मकान से पक्के आशियाने तक का सफर
सीधी 20 जूून 2026
सीधी नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 7 निवासी गुलबिया साकेत और गणेश साकेत का वर्षों पुराना सपना प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के माध्यम से साकार हो गया। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वे लंबे समय तक कच्चे मकान में रहने को मजबूर थे, जहां बरसात, गर्मी और सर्दी के मौसम में परिवार को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पात्रता के आधार पर उन्हें आवास की स्वीकृति मिली। योजना से प्राप्त सहायता के माध्यम से उनका पक्का और सुरक्षित घर बनकर तैयार हुआ। नए घर में प्रवेश के साथ ही परिवार के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और खुशियों का नया अध्याय शुरू हुआ।
गृह प्रवेश के अवसर पर विधायक रीती पाठक ने परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे गरीब परिवारों के पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।
गुलबिया साकेत और गणेश साकेत भावुक होकर बताते हैं कि पहले उनका परिवार जर्जर कच्चे मकान में रहता था और सीमित आय के कारण पक्का मकान बनाना संभव नहीं था। प्रधानमंत्री आवास योजना ने उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार दिया है। उन्होंने इस सहायता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह कहानी दर्शाती है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) केवल मकान निर्माण की योजना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षा, आत्मसम्मान और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद देने का माध्यम बन रही है।
—————
निर्धारित मूल्य से अधिक पर पुस्तकें बेचने वाले विक्रेताओं पर होगी कार्रवाई
सीधी 20 जूून 2026
वर्तमान शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए नवीन पाठ्यक्रमानुसार एमपी बोर्ड एवं सीबीएसई की सभी पुस्तकें जिले के स्थानीय पुस्तक विक्रेताओं के यहां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। कलेक्टर विकास मिश्रा ने सभी विक्रेताओं को पर्याप्त स्टॉक रखने तथा छात्रों एवं अभिभावकों को निर्धारित मूल्य पर पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी मिली है कि कुछ विक्रेता पुस्तकों की कमी या सीमित स्टॉक का हवाला देकर अधिक मूल्य पर पुस्तकें बेच रहे हैं अथवा अभिभावकों को पुस्तकें उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। यह अनुचित है और ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि यदि कोई दुकानदार पुस्तकों की अनुपलब्धता या कमी बताकर निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूलता है, तो इसकी शिकायत जिला शिक्षा केंद्र सीधी में अथवा मोबाइल नंबर 9424375922 एवं 9977476094 पर करें। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
—————
योग स्वस्थ जीवन का आधार, 21 जून को छत्रसाल स्टेडियम में होगा भव्य योग दिवस आयोजन

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेवासियों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील
सीधी 20 जूून 2026
स्वस्थ एवं निरोग जीवन के संदेश के साथ 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 को प्रातः 6 बजे से छत्रसाल स्टेडियम सीधी में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा विधायक सीधी रीती पाठक कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम, विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक, विधायक चुरहट अजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष काजल वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमान सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
योग दिवस के इस सामूहिक आयोजन में जिले के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा। योग आज केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रभावी माध्यम के रूप में स्थापित हो चुका है।
योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। नियमित योगाभ्यास से तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं में कमी आती है तथा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। योग जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों की रोकथाम में सहायक होने के साथ व्यक्ति को सकारात्मक, ऊर्जावान और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का सामूहिक अभ्यास कराया जाएगा। प्रतिभागियों को योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे वे स्वस्थ, संतुलित और निरोग जीवन की दिशा में आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया है कि वे ढीले एवं आरामदायक वस्त्र पहनकर तथा खाली पेट समय से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें। साथ ही यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए यथासंभव सामूहिक अथवा साझा वाहन का उपयोग करें।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण आयोजन में परिवार सहित शामिल होकर योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ, जागरूक और निरोग समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
—————
एमएसएमई मंत्रालय एवं विश्व बैंक समर्थित आरएएमपी योजना अंतर्गत 3 दिवसीय कम्पोजिट कार्यशाला 23 जून से
सीधी 20 जूून 2026
भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय एवं विश्व बैंक समर्थित आरएएमपी योजना के अंतर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को सशक्त बनाने तथा उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3 दिवसीय कम्पोजिट कार्यशाला का आयोजन 23 से 25 जून 2026 तक किया जाएगा। महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने बताया कि कार्यशाला प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होटल मधुरम, डीपी कॉम्प्लेक्स, सीधी में आयोजित होगी।
कार्यशाला के दौरान उद्यमियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क एवं कियोस्क की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके माध्यम से उद्यम पंजीकरण, जेडईडी प्रमाणीकरण, टीआरईडीएस एवं ओएनडीसी ऑनबोर्डिंग, ऑनलाइन विवाद समाधान सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं संबंधी परामर्श तथा ऑन-द-स्पॉट सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यशाला में विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्र की एमएसएमई इकाइयों, स्टार्टअप एवं युवा उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों एवं महिला उद्यमियों, शिल्पकारों, उत्पादक समूहों एवं किसान उत्पादक संगठनों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति उद्यमियों, निर्यात उन्मुख इकाइयों तथा जिले के प्रमुख ओडीओपी से जुड़े उद्यमियों को आमंत्रित किया गया है। पात्र हितग्राही निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर कार्यशाला का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
—————
पीएनजी कनेक्शन लक्ष्य का 199 प्रतिशत हासिल, पांच कॉलोनियां हुईं एलपीजी मुक्त
सीधी 20 जूून 2026
जिले में घरों तक पाइप के माध्यम से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) पहुंचाने के अभियान में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि भारत पेट्रोलियम द्वारा संचालित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना के तहत जिले को 13 मई 2026 को 704 पीएनजी कनेक्शन प्रदान करने का लक्ष्य मिला था, जिसे 24 जुलाई 2026 तक पूर्ण किया जाना था। कंपनी ने निर्धारित समय से काफी पहले 20 जून 2026 तक 1401 कनेक्शन प्रदान कर लक्ष्य का 199 प्रतिशत हासिल कर लिया है।
इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने भारत पेट्रोलियम एवं सीजीडी टीम के प्रयासों की सराहना की है। कंपनी द्वारा शहरी क्षेत्र में तेजी से अवसंरचना विकसित कर नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं पर्यावरण अनुकूल ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था को नई गति मिली है।
भारत पेट्रोलियम द्वारा शुभाष नगर, बनिया कॉलोनी, आदर्श नगर, नूतन वार्ड एवं गुलाब नगर सहित पांच कॉलोनियों में लगभग सभी घरों तक पीएनजी सुविधा पहुंचा दी गई है। इसके साथ ही इन पांचों कॉलोनियों को एलपीजी मुक्त घोषित किया गया है।
प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी की अवसंरचना स्थापित की जा चुकी है, वहां के नागरिक शीघ्र ही पीएनजी कनेक्शन प्राप्त करें। वर्तमान में कंपनी द्वारा बिना किसी शुल्क के पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इच्छुक उपभोक्ता पंजीकरण के लिए हेलो बीपीसीएल पोर्टल, मोबाइल नंबर 9424341954 अथवा टोल फ्री नंबर 1800224344 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ग्राम जमोड़ीकला, तोरण गेट के पास स्थित भारत पेट्रोलियम के क्षेत्रीय कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने सभी शहरी नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाने और स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा व्यवस्था से जुड़ने की अपील की है।
—————
26 जून को जिला चिकित्सालय में आयोजित होगा रक्तदान शिविर
“एक दान, जीवन के लिए” अभियान के तहत नागरिकों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील
सीधी 20 जूून 2026
मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन सीधी द्वारा 26 जून 2026 को जिला चिकित्सालय सीधी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। “एक दान, जीवन के लिए” थीम पर आयोजित इस शिविर के माध्यम से नागरिकों को रक्तदान के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने जिले के युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शासकीय कर्मचारियों तथा आम नागरिकों से रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।
एक यूनिट रक्त तीन व्यक्तियों तक के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। साथ ही रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है तथा एक स्वस्थ व्यक्ति नियमित अंतराल पर रक्तदान कर सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार रक्तदान से सामाजिक दायित्व की भावना मजबूत होती है और जरूरत पड़ने पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 26 जून को जिला चिकित्सालय पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। “आइए, रक्तदान करें और जीवन बचाएं”, क्योंकि आपका एक छोटा सा प्रयास किसी परिवार की खुशियां लौटाने का माध्यम बन सकता है।
