रिपोर्ट निगेटिव आने के 4 हफ्ते बाद ही लगवाएं टीका



भोपाल । एम्स भोपाल के डायरेक्टर और देश के जाने-माने वायरोलॉजिस्ट डॉ. सरमन सिंह का कहना है कि यदि आप कोरोना से संक्रमित हो गए हैं तो रिपोर्ट निगेटिव होने के बाद कम से कम 4 हफ्ते से लेकर 8 हफ्ते के भीतर ही टीका लगवाएं। इसके पहले टीका लगवाने का पूरा फायदा हो सकता है कि ना मिले। संक्रमित होने के करीब 28 दिन बाद बीमारी से लड़ने के लिए शरीर में एंटीबॉडी बन जाती है। ऐसे में जब आप पहला डोज लगवाते है तो यह दूसरे डोज की तरह काम करता है। इसी तरह से पहला डोज लगवाने के बाद संक्रमित हो गए हैं तो भी दूसरा डोज 28 दिन बाद ही लगवाएं। उन्होंने कहा कि टीका को लेकर लोगों में बहुत भ्रांतियां हैं, लेकिन अभी तक में यह सामने आया है कि जिन लोगों ने दो डोज लगवाए है उनमें बीमारी गंभीर नहीं हुई है। मौत के मामले तो अभी तक मेरी जानकारी में सामने नहीं आए हैं। यह पहले से ही सामने आ चुका है कि टीका लगवाने के बाद भी करीब 30 फीसद लोगों को संक्रमण हो सकता है, लेकिन यह मामूली ही होगा। जिस कंपनी का पहला टीका लगा है, दूसरा भी उसी का लगवाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि दूध पिलाने वाली महिलाएं बिल्कुल टीका लगवा सकती हैं, लेकिन गर्भवती महिलाओं को टीका लगवाने की अभी तक कोई गाइडलाइन नहीं आई है. इसलिए अभी उन्हें नहीं लगवाना चाहिए। टीबी मरीजों को टीका लगवाने का फायदा है। एचआइवी संक्रमितों को टीका लगाने से फायदा होगा या नहीं, लेकिन इतना जरूर है की उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा। टीका बिल्कुल लगवाना चाहिए। यह गलत धारणा बन गई है कि इस दौरान प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है, इसलिए टीका नहीं लगवाना चाहिए।18 साल से कम उम्र के लोगों के लिए दुनिया भर में रिसर्च चल रही हैं, लेकिन अभी कुछ कहा नहीं जा सकता कि टीका कब तक तैयार होगा।
