भाजपा विधायक पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए : कांग्रेस

देहरादून, 9 अक्टूबर। कांग्रेस नेताओं ने अपने विधानसभा क्षेत्र के कुछ हिस्से को पाकिस्तान बताने वाले ज्वालापुर के विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। हालांकि, विधायक का कहना है कि उन्होंने अपने क्षेत्र के कोटा पाकिस्तान का जिक्र किया था, ना कि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान का।
राजीव भवन में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि राठौर का बयान भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वो साफ कहते नजर आ रहे हैं कि उनके क्षेत्र का 52 फीसदी हिस्सा पाकिस्तान है। विधायक का बयान बेहद आपत्तिजनक है। यह राष्ट्रद्रोह से कम नहीं है। इसलिए उनके खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। धस्माना ने कहा कि भाजपा विकास के हर क्षेत्र में फेल साबित हुई है।
