बाढ़ से केरल समेत दक्षिण पश्चिम के 5 राज्यों में मृतकों का आंकड़ा बढकर 197 हुआ

नई दिल्ली, 14 अगस्त। बारिश और बाढ़ से केरल-कर्नाटक समेत दक्षिण पश्चिम के पांच राज्यों में मृतकों की संख्या सोमवार को 197 हो गई। छह दिनों से हो रही बारिश से केरल में सर्वाधिक 76 जानें गई हैं। 2.87 लाख लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। वायनाड-मल्लपुरम में अभी भी 50 लोगों के फंसे होने की आशंका है। इस बीच केरल विश्वविद्यालय ने 13 अगस्त को होने वाली सभी परीक्षाएं टाल दी हैं।
कर्नाटक में बाढ़ से अब तक 42 मौतें हुईं और यहां 5.81 लाख लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा, बाढ़ से राज्य में 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने केंद्र से तीन हजार करोड़ रुपये की तत्काल मदद मांगी है। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर इसे छह दशक की सबसे भयानक बाढ़ बताते हुए केंद्र से पांच हजार करोड़ रुपये की अंतरिम मदद की मांग की है।
उधर तमिलनाडु के नीलगिरी में राहत के लिए डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने 10 करोड़ रुपये की मदद की घोषणा की है। महाराष्ट्र के कोल्हापुर और सांगली में पानी घटने लगा है, 4.48 लाख लोगों को सुरक्षित निकाला लिया गया। राज्य सरकार ने बाढ़ में नष्ट हुए मकानों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाने का प्रस्ताव रखा है। छह दिन से बंद मुंबई-बंगलूरू हाईवे भी सोमवार को खुल गया। उधर, गुजरात में वायुसेना ने कच्छ से 125 लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।
केरल में राहत शिविरों में मौजूद बाढ़ पीड़ितों ने सोमवार को ईद का त्योहार मनाया। इस दौरान कोच्चि के एक छोटे व्यापारी नौशाद ने ईद की सेल के लिए रखे नए कपड़ों की दस लाट दान कर दीं। यह कपड़े बाढ़ पीड़ितों को राहत शिविर में पहुंचाए गए। कुछ लोग मिठाइयां लेकर पहुंचे और राहत शिविरों में ईद मनाई गई।
बाढ़ के संकट से जूझ रहे केरल में सियासत भी तेज हो गई। माकपा ने केंद्रीय गृहमंत्री पर दुख की घड़ी में भी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा अमित शाह सिर्फ भाजपा सरकारों वाले राज्यों का ही हवाई दौरा कर रहे हैं। दरअसल शाह ने रविवार को कर्नाटक और महाराष्ट्र में बाढ़ ग्रस्त इलाके का हवाई दौरा किया था।
पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा के लोग सोशल मीडिया पर लोगों को केरल राहत कोष में मदद नहीं करने के लिए भड़का रहे हैं। माकपा ने कहा, केरल सबसे अधिक प्रभावित हुआ है इस लिए ऐसे मौके पर राजनीति नहीं करते हुए केंद्र को निष्पक्ष रूप से मदद करनी चाहिए।
उत्तराखंड के चमोली के घाट क्षेत्र के तीन अलग अलग गांवों में भूस्खलन की घटना में नौ लोगों की मौत हो गई। इनमें एक महिला रूपा देवी और उसकी नौ माह की बेटी चंदा भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि बंजाबगढ़, अलिगांव और लांखी गांव में भूस्खलन हुआ।
