मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 – जनसंवाद, निरीक्षण और त्वरित समाधान पर रहेगा विशेष फोकस-शैलेन्द्र सिंह सोलंकी

0 18
AD Top-1 728×100

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 – जनसंवाद, निरीक्षण और त्वरित समाधान पर रहेगा विशेष फोकस-शैलेन्द्र सिंह सोलंकी


धर्मेंद्र सिंह बघेल पत्रकार
एमजे पत्रकारिता
9685862485

7 अगस्त से 8 जनवरी तक चलेगा अभियान, प्रत्येक शुक्रवार गांवों और नगरीय वार्डों में पहुंचेंगे अधिकारी

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने मीडिया को दी अभियान की विस्तृत जानकारी

सीधी 03 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी संचालन एवं व्यापक जनजागरूकता के उद्देश्य से सोमवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित मीडिया संवाद में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा, उद्देश्य एवं कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश शासन द्वारा 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित किए जाने वाले इस अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करना, लोक सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी निर्धारित ग्राम पंचायतों एवं नगरीय वार्डों का भ्रमण करेंगे। भ्रमण के दौरान जनसंवाद आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे, लंबित प्रकरणों का मौके पर निराकरण करेंगे तथा आवश्यकतानुसार नए आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे। प्रत्येक भ्रमण दिवस के अंत में समीक्षा बैठक आयोजित कर अभियान की प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों के शत-प्रतिशत निराकरण पर विशेष जोर रहेगा। इसके साथ ही अविवादित नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा, न्यायालयीन आदेशों का राजस्व अभिलेखों में अमल, समग्र आईडी की ई-केवाईसी, आधार कार्ड निर्माण एवं अद्यतन, पात्र किसानों की फार्मर आईडी तथा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिले में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से आम नागरिकों को स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण कर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाओं, चिकित्सा उपकरणों तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की जाएगी।

अभियान के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराने की स्थिति, जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल एवं निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं की प्रगति, आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों के वजन एवं ऊंचाई मापन, कुपोषण मुक्ति गतिविधियों तथा पोषण सेवाओं की समीक्षा भी की जाएगी।

स्कूलों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, अध्ययन की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही खाद-बीज एवं कृषि आदानों की उपलब्धता, उचित मूल्य दुकानों की कार्यप्रणाली तथा आम नागरिकों से फीडबैक प्राप्त किया जाएगा। सड़क, तालाब, अमृत सरोवर, बांध, जल जीवन मिशन की संरचनाएं, शासकीय भवन, खेत एवं फसलों सहित विभिन्न विकास कार्यों और परिसंपत्तियों का भी स्थल निरीक्षण किया जाएगा।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि आईटीआई, मेडिकल कॉलेज, प्राथमिक सहकारी समितियां, तहसील कार्यालय, कृषि उपज मंडी, पुलिस थाना, लोक सेवा केन्द्र, छात्रावास, आश्रम एवं औद्योगिक क्षेत्रों सहित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा खाद-बीज विक्रेताओं, गैस एजेंसियों, पेट्रोल पंपों, विस्फोटक एवं पटाखा लाइसेंसधारियों, शस्त्र विक्रेताओं तथा निजी विद्यालयों का भी आवश्यकतानुसार निरीक्षण किया जाएगा। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के साथ सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, संबल योजना एवं अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्थानीय स्तर की प्रमुख समस्याओं एवं चुनौतियों का चिन्हांकन कर उनके त्वरित समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही उद्यम संवाद आयोजित कर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा, जिससे जिले में उद्योग, निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिल सके।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी, जनप्रतिनिधियों का सहयोग तथा आम नागरिकों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित शिविरों एवं जनसंवाद कार्यक्रमों में पहुंचकर अपनी समस्याएं, सुझाव एवं आवश्यक आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 केवल शिकायतों के समाधान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन को मजबूत करने का व्यापक जन-अभियान है। शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, हर शिकायत का समयबद्ध समाधान हो और प्रशासन की सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक सहज, सरल और प्रभावी ढंग से उपलब्ध हो सकें।
जिला पंचायत सभाग़र में प्रिंट मीडिया इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार मौजूद रहे।

AD Top-1 728×100
AD Top-1 728×100