जनसुनवाई में 510 आवेदनों पर हुई सुनवाई, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

0 81
AD Top-1 728×100

जनसुनवाई में 510 आवेदनों पर हुई सुनवाई, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

धर्मेंद्र सिंह बघेल पत्रकार

सीधी 16 जूून 2026
आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में मंगलवार को बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिला पंचायत सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की कुल 510 शिकायतों एवं आवेदनों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, अतिक्रमण, भूमि विवाद, निर्माण कार्य, पेंशन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को वास्तविक राहत मिल सके।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निराकरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आवेदन के निराकरण में अनावश्यक विलंब, उदासीनता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सरलता और पारदर्शिता के साथ प्राप्त हो।

जनसुनवाई में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल होकर प्राप्त प्रकरणों की जानकारी एवं निराकरण की प्रगति से अवगत कराते रहे।

—————

जनकल्याण शिविर बना उम्मीदों का केंद्र, 11 हजार से अधिक आवेदन; योजनाओं का लाभ पहुंचाने विशेष अभियान शुरू

जनकल्याण शिविर जनता के लिए, हर जरूरतमंद तक पहुंचे योजनाओं का लाभ -विधायक सीधी रीती पाठक

सीधी 16 जूून 2026
प्रदेश शासन द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक संचालित विशेष जनकल्याण अभियान के तहत विकासखंड सीधी में त्रिदिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। जनपद पंचायत सीधी के सभागार में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य शासन की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना, पात्र हितग्राहियों का पंजीयन सुनिश्चित करना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी सोच के साथ जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां आमजन को एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

विधायक श्रीमती पाठक ने अधिकारियों से कहा कि वे पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि शिविर केवल औपचारिकता न बनकर लोगों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन का माध्यम बने। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचे, यही इस अभियान की सफलता का सबसे बड़ा पैमाना होगा।

विधायक ने कहा कि पिछले एक माह से घर-घर सर्वे कर ऐसे परिवारों और व्यक्तियों को चिन्हित किया जा रहा है, जो किसी कारणवश शासकीय योजनाओं के लाभ से अब तक वंचित रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से उन्हें योजनाओं से जोड़ने का व्यापक प्रयास किया जा रहा है।

जनपद पंचायत सीधी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदूलाल पनिका ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायतों के सहयोग से अब तक 11 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त किए जा चुके हैं। आगामी तीन दिनों में इस संख्या को और बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि अधिकतम पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ा जा सके।

शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं, शिकायतों का निराकरण किया जा रहा है तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के लाभ भी वितरित किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते नजर आए।

कार्यक्रम में विश्वबंधुधर द्विवेदी, पुनीत नारायण शुक्ल, पंकज पाण्डेय, पुष्पराज सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

—————

स्कूल चलें हम अभियान का दूसरा चरण प्रारंभ

16 से 30 जून तक मनाया जाएगा शाला प्रवेश उत्सव

स्वच्छ पेयजल, बालिका शौचालय और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर

लैब एवं लाइब्रेरी को पूर्णतः क्रियाशील रखने के निर्देश

सीधी 16 जूून 2026
ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में सोमवार से नवीन शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हो गया। इसके साथ ही 16 जून से 30 जून तक “स्कूल चलें हम अभियान” के द्वितीय चरण के अंतर्गत शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना, ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करना है।

कलेक्टर श्री विकास मिश्रा के निर्देशन में जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी जो किसी कारणवश विद्यालय से दूर हैं। साथ ही उनका पुनः नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा। नामांकन, कक्षोन्नति तथा ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की प्रगति की सतत समीक्षा भी की जाएगी। विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शैक्षणिक गतिविधियां सत्र के प्रारंभ से ही सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आत्मीय स्वागत किया जाएगा। बाल सभाओं, सांस्कृतिक एवं प्रेरक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही शासन की विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं की जानकारी अभिभावकों तक पहुंचाई जाएगी। विद्यालय प्रबंधन समितियों की बैठक आयोजित कर बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, बालिका शौचालयों की कार्यशीलता, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही विज्ञान प्रयोगशालाएं एवं पुस्तकालय नियमित रूप से संचालित हों, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके। इन व्यवस्थाओं की समीक्षा निरीक्षण के दौरान की जाएगी।

नवीन शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिवस जिले के सभी विद्यालयों में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर एवं पाठ्य सामग्री प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसरों में आयोजित प्रेरणादायी कार्यक्रमों ने बच्चों और अभिभावकों में नए सत्र के प्रति उत्साह और विश्वास का संचार किया।


—————

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत जिला रिसोर्स पर्सन हेतु आवेदन आमंत्रित

सीधी 16 जूून 2026
आत्मनिर्भर भारत अभियान अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के तहत जिले में जिला रिसोर्स पर्सन (डीआरपी) की नियुक्ति की जाएगी। सहायक संचालक उद्यान ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए जिले में 4 जिला रिसोर्स पर्सन का चयन किया जाना है। इसके लिए इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 23 जून 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि जिला रिसोर्स पर्सन के लिए मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय या संस्थान से खाद्य प्रौद्योगिकी अथवा खाद्य इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या डिग्रीधारी अभ्यर्थी पात्र होंगे। साथ ही खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के तकनीकी उन्नयन, नए उत्पादों के विकास, गुणवत्ता आश्वासन, खाद्य सुरक्षा प्रबंधन एवं परामर्श सेवाओं में 3 से 5 वर्ष का अनुभव अपेक्षित है। खाद्य प्रौद्योगिकी क्षेत्र में योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग, डीपीआर निर्माण एवं प्रशिक्षण का अनुभव रखने वाले व्यक्तियों का भी चयन किया जा सकेगा।

जिला रिसोर्स पर्सन लाभार्थियों को परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने, बैंक ऋण प्राप्त करने, एफएसएसएआई मानकों के अनुपालन, उद्योग आधार, जीएसटी सहित आवश्यक पंजीयन एवं लाइसेंस प्राप्त करने में मार्गदर्शन एवं हैंडहोल्डिंग सहायता प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त परियोजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियों में भी सहयोग करेंगे।

सहायक संचालक उद्यान ने बताया कि यह नियमित नियुक्ति नहीं होगी, बल्कि प्रकरण आधारित सेवा होगी। चयनित रिसोर्स पर्सन को प्रत्येक स्वीकृत प्रकरण पर 20 हजार रुपये का मानदेय दो किश्तों में दिया जाएगा। प्रथम किश्त का 50 प्रतिशत भुगतान बैंक ऋण स्वीकृत होने के बाद तथा शेष 50 प्रतिशत भुगतान उद्योग के जीएसटी एवं उद्योग आधार पंजीयन, एफएसएसएआई मानकों के अनुपालन, परियोजना के सफल क्रियान्वयन एवं प्रशिक्षण प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत किया जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन कार्यालय सहायक संचालक उद्यान, जिला सीधी में कार्यालयीन समय प्रातः 10.30 बजे से सायं 5.30 बजे तक ऑफलाइन जमा कर सकते हैं।



—————

आईटीआई प्रवेश हेतु पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग की अंतिम तिथि 30 जून

सीधी 16 जूून 2026
प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) सीधी ने जानकारी दी है कि जिले की सभी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न व्यवसायों (ट्रेडों) में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जून 2026 तक अपना पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग कर सकते हैं।

प्राचार्य ने बताया कि अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट www.dsd.mp.gov.in पर जाकर प्रवेश सेक्शन में उपलब्ध जानकारी के अनुसार पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। वेबसाइट पर प्रवेश से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी शासकीय आईटीआई में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9685581414 एवं 8357939387 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

जिले के पात्र एवं इच्छुक युवाओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की गई है।

AD Top-1 728×100
AD Top-1 728×100