चुनाव से पहले घोषणाओं की बारिश करते हैं शिवराज सिंह चुनाव के बाद उसे रद्दी की टोकरी में डाल देते हैं सिंगरौली को सिंगापुर और मैहर को स्मार्ट सिटी बनाने का क्या हुआ?

चुनाव से पहले घोषणाओं की बारिश करते हैं शिवराज सिंह
चुनाव के बाद उसे रद्दी की टोकरी में डाल देते हैं
सिंगरौली को सिंगापुर और मैहर को स्मार्ट सिटी बनाने का क्या हुआ?![]()
प्रमुख संपादक पत्रकार धर्मेंद्र सिंह बघेल
पृथ्वीपुर को आदर्श विधानसभा बनाने की घोषणा पर अजय सिंह ने किया सवाल
सीधी 16 सितम्बर, 2021
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है शिवराजसिंह हमेशा चुनाव से पहले उस क्षेत्र में जाकर घोषणाओं की बारिश करते हैं और बाद में उसे रद्दी की टोकरी में डाल देते हैं| उन्होंने कहा कि जनता को सब्जबाग दिखाकर वोट हथियाने का यह उनका पुराना हथकंडा है|
पृथ्वीपुर को आदर्श विधानसभा बनाने की घोषणा पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अजयसिंह ने कहा कि शिवराजसिंह ने बड़े अहंकार से 15 साल पहले लोगों को सपने दिखाए थे कि नए जिले सिंगरौली को सिंगापुर बनाऊंगा| इस सपने को पूरा होते देखने के लिए आज तक वहां की जनता तरस रही है| | अभी तक इतने वर्षों में सीधी से सिंगरौली का हाई वे भी नहीं बन पाया| यह सड़क अभी तक बदहाल और दुर्गम है और अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही है| सबसे ज्यादा खनिज रायल्टी देने वाले सिंगरौली जिले की जनता से किये गए वादे रद्दी की टोकरी में चले गये हैं|
अजयसिंह ने कहा कि इसी तरह शिवराजसिंह ने चुनाव में वोट लेने के लिए मैहर को स्मार्ट सिटी बनाने का सपना दिखाया था| स्मार्ट सिटी तो दूर उन्होंने मैहर चित्रकूट फोर लेन की योजना ही समाप्त कर दी| वे मैहर को देश के सबसे सुंदर तीर्थ स्थल के रुप में कैसे विकसित करेंगे? शिवराजसिंह द्वारा दिखाया गया जनता का यह सपना अभी तक साकार नहीं हुआ है| अब तो मुख्यमंत्री से कोई उम्मीद नहीं बची है|
सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता अब शिवराजसिंह के हथकंडों को अच्छी तरह समझ चुकी है| दमोह उपचुनाव में हुई कांग्रेस की शानदार जीत इस बात के संकेत हैं| अब कोई उनके बहकावे में नहीं आने वाला है क्योंकि जनता ने दमोह उपचुनाव में भाजपा को हार की झलक दिखा दी है|
कुबेर तोमर की रिपोर्ट

