अक्षय कुमार बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आए आगे, दान किए 1 करोड़

मुंबई/पटना,30 अक्टूबर। बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार ने बिहार के बाढ़ पीड़ितों के लिए एक करोड़ रूपये दान दिए हैं। अक्षय कुमार बॉलीवुड के उन चुनिंदा स्टार्स में से एक हैं जो जरूरत पड़ने पर हमेशा ही लोगों की मदद के लिए अपने हाथ उठाते हैं। कुछ वक्त पहले उन्होंने असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 2 करोड़ रुपए दान किए, तो वहीं अब उन्होंने बिहार बाढ़ पीड़ितों के लिए भी कुछ ऐसा ही किया है।
उन्होंने बिहार बाढ़ पीड़ितों के लिए एक करोड़ दान किए हैं। वह छठ पूजा के मौके पर 25 बाढ़ पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपए देंगे। अक्षय कुमार ने कहा कि प्राकृतिक आपदा हमें यह एहसास कराती है कि उसके आगे हम सब कुछ भी नहीं हैं जिससे जो मदद हो वह करनी चाहिए। जो लोग अपना सबकुछ गंवा चुके हैं उनकी मदद करने से बड़ा और कुछ हो ही नहीं सकता। इस मदद के जरिए वे लोग अपनी जिंदगी दोबारा शुरू कर सकते हैं।
