झाबुआ विधानसभा सीट पर 21 अक्टूबर को होगी वोटिंग

भोपाल, 22 सितंबर । विधानसभा चुनाव में झाबुआ विधानसभा सीट पर भाजपा के जीएस डामोर ने जीत दर्ज की थी, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने डीएस डामोर को झाबुआ संसदीय सीट से मैदान में उतारा था। जीएस डामोर लोकसभा का चुनाव जीत गए थे। पार्टी हाई कमान के निर्देश के बाद जीएस डामोर ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ये सीट खाली है। अब झाबुआ विधानसभा सीट पर 21 अक्टूबर को वोटिंग होगी। साथ ही सियासी सरगर्मियां तेज हो गई है।
गौरतलब है कि कांग्रेस के सामने पूर्व विधायक जेवियर मेड़ा और कांतिलाल भूरिया में से किसी एक को टिकट देने का विकल्प है। भूरिया चाहते हैं कि उन्हें या उनके बेटे को व्रिकांत भूरिया को टिकट मिले। वहीं, जेवियर मेड़ा इसका विरोध कर रहे हैं। आयोग के ऐलान के साथ प्रदेश कांग्रेस में सियासी हलचल तेज हो गई है। सीएम कमलनाथ से लेकर सरकार के कई मंत्री झाबुआ में पंचायत लगाकर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर चुके हैं। हालांकि इस सीट पर लंबे समय तक कांतिलाल भूरिया का दबदबा रहा है। लेकिन कांग्रेस में इस सीट को लेकर खासा घमासान है।
