खराब फसलों का मुआवजा नहीं दिया तो प्रदेश सरकार का तर्पण कर देंगे – गोपाल भार्गव

0 54
AD Top-1 728×100

भोपाल, 20 सितंबर । नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने शुक्रवार को रहली में धरना प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा प्रशासन और प्रदेश सरकार राहत कार्यों के बड़े-बड़े दावे कर रही है। लेकिन मंदसौर जिले के बाढ़ पीड़ितों तक सरकार पेट भरने इतनी भी राहत नहीं पहुंचा पाई है। बाढ़ पीड़ित समाजसेवियों और अपने रिश्तेदारों पर निर्भर है। 6 दिन बाद भी सरकार पीड़ितों के बीच नही पहुँच पाई है। प्रदेश सरकार तत्काल अगर अतिवृष्टि से प्रभावित किसान और बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा नही देगी तो कमलनाथ सरकार का तर्पण कर देंगे।
श्री भार्गव ने कहा कि भाजपा सरकार में जब ओला पाला या प्राकृतिक आपदा होती थी, तो मुखिया शिवराज जी ओर सभी मंत्री किसानों के बीच उनके खेतों में पहुँच जाते थे। प्रदेश में आज बाढ़ के हालत है तो दिल्ली से केंद्रीय अध्ययन दल बाढ़ ग्रस्त इलाकों में नुकसान का जायजा लेने पहुंच चुका लेकिन प्रदेश के मुखिया कमलनाथ जी अभी तक बाढ़ पीड़ितों को देखने तक नहीं पहुंचे हैं। कांग्रेस सरकार के मंत्री बाढ़ ग्रस्त इलाकों में मुआवजा देने के बजाय अधिकारियों से आवभगत करवा रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार मुआवजे की राशि को लेकर केंद्र पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। कमलनाथ सरकार बताए कि उसने अभी तक कितनी मुआवजा राशि कितने बाढ़ पीड़ित किसानों को दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में किसानों का कर्जा माफ बिजली बिल हाफ का नारा दिया था लेकिन सरकार अब किसानों और उपभोक्ताओं को धोखा दे रही है। कांग्रेस अपने वचन से मुकर रही है।
धरना प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में रहली विधानसभा के पार्टी कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए। किसानों ने अतिवृष्टि से खराब हुई सोयाबीन ओर अन्य फसलों को लहराते हुए प्रदर्शन किया। वहीं कुछ किसान बड़े हुए बिजली के बिलों की माला पहनकर धरने में शामिल हुए। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष ने “जब तक दुःखी किसान रहेगा-धरती पर तूफान रहेगा” और “हर जोर ज़ुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है” के नारे लगाए।

AD Top-1 728×100
AD Top-1 728×100