कलेक्टर ने किया डिप्टी कलेक्टरों के प्रभार में फेरबदल

जबलपुर, 26 अगस्त । कलेक्टर भरत यादव ने जबलपुर जिले में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के बीच नये सिरे से कार्य विभाजन किया है । इस बारे में आज सोमवार को जारी आदेश में श्री यादव ने डिप्टी कलेक्टर आशीष पांडे को एसडीएम अधारताल के स्थान पर एसडीएम गोरखपुर और एसडीएम गोरखपुर मनीषा वास्कले को एसडीएम रांझी का दायित्व सौंपा है । श्री पांडे को जिला सत्कार अधिकारी का प्रभार भी दिया गया है।
कार्यविभाजन आदेश में एसडीएम रांझी रहे डिप्टी कलेक्टर जे.पी. यादव को एसडीएम पाटन बनाया गया है । जबकि डिप्टी कलेक्टर मणिन्द्र सिंह को एसडीएम जबलपुर तथा डिप्टी कलेक्टर मोहम्मद शाहिद खान को एसडीएम अधारताल नियुक्त किया गया है ।
नये कार्यविभाजन आदेश में पाटन एसडीएम रहे अनुराग तिवारी को कलेक्टर कार्यालय की शस्त्र शाखा, प्रपत्र शाखा, ई-गवर्नेंस, रेडक्रॉस, आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा, धर्मस्व एवं पुनर्वास शाखा, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं मीसाबंदी शाखा, दंगा पीड़ित शाखा, वरिष्ठ लिपिक शाखा एवं जनगणना शाखा का प्रभारी बनाया गया है । श्री तिवारी कलेक्टर कार्यालय के लोक सूचना अधिकारी भी होंगे ।
संयुक्त कलेक्टर सुश्री विमलेश सिंह को नये कार्यविभाजन आदेश में एसडीएम कुंडम बनाये रखा गया है । संयुक्त कलेक्टर दिव्या अवस्थी को सामान्य एवं स्थानीय निर्वाचन के साथ-साथ कलेक्टर कार्यालय की सतर्कता एवं शिकायत शाखा, लीगल सेल शाखा, एस.डब्ल्यू. शाखा, स्थापना, नाजरात एवं भू-अर्जन शाखा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। परिवीक्षाधीन डिप्टी कलेक्टर सुश्री सृष्टि प्रजापति एवं डिप्टी कलेक्टर मेघा पवार को भी नये कार्यविभाजन आदेश में कलेक्टर कार्यालय की अलग-अलग शाखाओं का प्रभार दिया गया है।
