सख्ती से करें बड़े बकायादारों से राजस्व की वसूली

जबलपुर, 26 अगस्त । कलेक्टर भरत यादव ने आज यहां समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में पदस्थ सभी राजस्व अधिकारियों को राजस्व वसूली में सख्ती बरतने तथा इसकी शुरूआत बड़े बकायादारों से करने के निर्देश दिए हैं । श्री यादव ने कहा कि राजस्व वसूली की स्थिति में सुधार नहीं दिखाई देने पर सम्बन्धित तहसीलदार पर कार्यवाही करने के साथ-साथ अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को भी नोटिस जारी किए जाएंगे ।
कलेक्टर ने बैठक में राजस्व अधिकारियों को नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा के प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने की हिदायत भी दी । उन्होंने सीमांकन के प्रकरणों के निराकरण में हो रहे विलंब पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि टीएसएम मशीन का प्रशिक्षण प्राप्त करने के वाबजूद राजस्व निरीक्षक और पटवारी यदि इस काम में रुचि नहीं लेते हैं तो उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी । श्री यादव ने इस मामले में अपर कलेक्टरों को भी अपने स्तर पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं ।
कलेक्टर ने बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में बारिश और जलप्लावन से मकानों को पहुंची क्षति के प्रकरण तैयार कर प्रभावितों तक शीघ्र राहत राशि पहुंचाने की हिदायत राजस्व अधिकारियों को दी । उन्होंने वन्य पशुओं से फसलों को होने वाली क्षति तथा वन्य पशुओं के हमले में घायल एवं मृत्यु के प्रकरणों में भी प्रभावितों को राहत राशि प्रदान करने के प्रकरण तत्काल तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिये ।
श्री यादव ने बैठक में अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को आगामी त्यौहारों के मद्देनजर अपने-अपने क्षेत्र में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिये । उन्होंने प्रतिमाओं के निर्माण में प्लास्टर ऑफ पेरिस और रासायनिक एवं विषाक्त रंगों के इस्तेमाल पर लगाये गये प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन कराने की बात अनुविभागीय दंडाधिकारियों से कही । जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में स्कूलों के सौ मीटर के दायरे में पान-गुटखा की दुकानों को सख्ती से हटाने के निर्देश स्कूल शिक्षा विभाग एवं स्थानीय निकायों के अधिकारियों को बैठक में दिये गये । इसी तरह शासकीय कार्यालयों में पान-गुटखा खाने वालों से भी जुर्माना वसूलने के निर्देश सभी विभागों के जिला अधिकारियों को दिये गये ।
कलेक्टर ने बैठक में अवैध भंडारण के मामले में जप्त की गई रेत को स्थानीय निकायों को सुपुर्द करने के निर्देश खनिज विभाग के अधिकारियों को दिये हैं । उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों को इसकी सुरक्षा की व्यवस्था करनी होगी । स्थानीय निकाय सुरक्षा पर होने वाला व्यय जप्त रेत की नीलामी से मिलने वाली राशि से वसूल कर सकेंगे । श्री यादव ने जप्त की गई रेत की चोरी के मामले में कठोर कार्यवाही के निर्देश खनिज एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को दिये हैं । उन्होंने कहा कि यदि कोई वाहन जप्त रेत की चोरी करते पकड़ा जाये तो उसे राजसात करने की कार्यवाही की जानी चाहिए । कलेक्टर ने बैठक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मनाये जाने के बारे में शासन से मिले निर्देशों का उल्लेख करते हुए शहर में उन सभी स्थानों पर सूचना फलक लगाने के निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिये जहां पूज्य महात्मा गांधी जबलपुर के प्रवास के दौरान पहुंचे थे ।
