पार्षद पति सक्रिय, महिला पार्षद घरेलू कार्य मेें व्यस्त

जबलपुर, 25 अगस्त। जनता की समस्या का निपटारा आसानी से हो इसलिए हर 5 वर्षों में वार्ड पार्षद का चुनाव कराया जाता है। हमारे निगम पार्षद महोदय अपने-अपने वार्डों में बिजली, सड़क, पानी, नालियों के निर्माण जैसे मूल-भूत सुविधाओं को बेहतर बनाएं जिसके लिए वार्ड मेम्बर के चुनाव होते हैं। लेकिन जनता की समस्याओं से वही वार्ड मेम्बर पार्षद बनते ही मुंह फेर लेते हैं जिनके वोट बैंक के दम पर वे पार्षद बनते हैं। जनता की समस्याओं को दरकिनार करते हुए वार्डों के विकास कार्यों के नाम पर लाखों रूपया निकाल कर निगम के कोष का दुरूपयोग किया जाता है।
गौरतलब है कि नया वार्ड क्रमांक 78 के अंतर्गत आने वाले बिलपुरा के निवासियों का कहना है कि पार्षद ज्योति कुरील कहने को तो ये महिला पार्षद हैं। लेकिन पार्षद केवल नाम की ही हैं। दरअसल पार्षद की भूमिका में पार्षद पति नजर आते हैं वार्ड से संबंधित किसी भी प्रकार के फौरी जायजा, किसी दस्तावेज में दस्तखत या कोई समस्याएं सुननी हो सभी कार्य पार्षद पति निबटाते नजर आते हैं।
दरअसल बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने बिलपुरा वार्ड की अव्यवस्थाओं की पोल-खोल कर रख दी है, बारिश का पानी लोगों के घरों में भर रहा है। वार्ड निवासियों का कहना है कि हमारी महिला पार्षद को वार्ड की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं, कई बार हम लोग इकट्ठे होकर पार्षद से मिलने प्रयास कर चुके लेकिन पार्षद घरेलू कामकाज में इतनी व्यस्त हैं कि उन्हें किसी से मिलने का समय ही नहीं। वहीं भारती कालोनी के लोगों का कहना है कि यहां नालियां पूरी तरह बजबजा रहीं हैं सड़क के हाल यह हैं कि बरसात के चलते, चलना भी मुश्किल है, आलम यह है कि कालोनी वासियों द्वारा खुद पैसा एकत्रित कर हार्ड-मुरम डाल-डाल कर सड़क को चलने लायक बनाने मजबूर हैं।
बिलपुरा वार्ड क्रमांक 78 लोककर्म विभाग से निर्माण कार्यों संबंधी जानकारी लेने पर पता चला है कि नगर निगम मद से लाखों रूपए विकास कार्य के नाम पर निकाला गया है। पर वार्ड वासियों को विकास के नाम केवल अव्यवस्थाएं ही मिली हैं। बहरहाल कॉलोनी वासियों का कहना है कि हम अपनी समस्याओं को लेकर शीघ्र ही नगर निगम कमिश्रर और महापौर से मुलाकात करेंगे।
