पाक ने रोकी समझौता एक्सप्रेस, कहा- अपना ड्राइवर भेजकर ट्रेन ले जाएं वापस

नई दिल्ली, 8 अगस्त। जम्मू कश्मीर से धारा 370 और 35ए हटाए जाने से परेशान पाकिस्तान ने एक और कदम उठाते हुए समझौता एक्सप्रेस सेवा को रोक दिया है। पाकिस्तान ने अपने ट्रेन ड्राइवर और गार्ड को समझौता एक्सप्रेस के साथ भेजने से मना कर दिया है। इस संबंध में उसने अटारी रेलवे स्टेशन सूचना भेजी की वह फिलहाल इस सेवा को रोक रहा है, लिहाजा भारतीय रेल अपने ड्राइवर और क्रू मेंबर को भेजकर समझौता एक्सप्रेस को पाकिस्तान से ले जाएं। पाकिस्तान के ऐसा कदम उठाने से अटारी बॉर्डर पर सैंकड़ों यात्री फंस गए हैं।
अटारी अंतरराष्ट्रीय रेलवे स्टेशन के सुपरिंटेंडेंट अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि आज पाकिस्तान से समझौता एक्सप्रेस को भारत आना था, लेकिन इस दौरान पाकिस्तान से मैसेज भेजा गया कि भारतीय रेल अपने ड्राइवर और क्रू मेंबर को भेजकर समझौता एक्सप्रेस को ले जाए। उन्होंने बताया की पाकिस्तानी रेलवे ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते यह बात कही। अरविंद कुमार ने बताया कि अब भारतीय रेल ड्राइवर और गार्ड, जिनके पास वीजा है, उन्हें समझौता एक्सप्रेस लेने बैगेज जाएगा। उल्लेखनीय है कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने से बौखलाया पाकिस्तान अब नई-नई चाल चल रहा है।
पाकिस्तान ने गुरुवार भारत के साथ द्विपक्षीय संबंध स्थगित करने का फैसला लिया है और भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया को पाकिस्तान छोड़ने के लिए कहा। यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (NSC) की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री इमरान खान ने की। इस बैठक में पाकिस्तान के शीर्ष असैन्य और सैन्य नेतृत्व मौजूद था। इसके साथ ही पाकिस्तान ने यह भी फैसला लिया है कि उनके राजदूत भी अब दिल्ली में नहीं रहेंगे। इसके अलावा पाकिस्तान ने अपने 9 में से 3 एयरस्पेस भारत के लिए बंद करने का फैसला लिया है।
