‘हम मध्य प्रदेश में सरकार गिरने की वजह नहीं बनेंगे’ – शिवराज

भोपाल, 23 जुलाई । कर्नाटक में पिछले चार दिन से जारी सियासी नाटक का मंगलवार को पटाक्षेप हो गया। विश्वास प्रस्ताव पर बहस के बाद हुई वोटिंग में कर्नाटक की कुमारस्वामी सरकार गिर गई। कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस सरकार गिरने के बाद मध्य प्रदेश को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यहां बीजेपी कुछ नहीं करेगी। सिंह ने कहा, “कांग्रेस की अंतर्कलह के कारण ही मध्य प्रदेश की सरकार गिरेगी।’ सिंह ने कुमारस्वामी सरकार के गिरने पर कहा, “अब कर्नाटक में बीजेपी सरकार बनाएगी। ”
शिवराज सिंह ने अपने एक ट्वीट में कहा,”कांग्रेस-जेडीएस का जो अपवित्र गठबंधन था,वह आज ध्वस्त हो गया। सत्य के एक हल्के से झोंके से ही जनादेश के खिलाफ बना यह रेत का किला ढह गया मैं येदियुरप्पा को बधाई देता हूं कि उन्होंने धैर्य और संयम के साथ लोकतंत्र की लड़ाई लड़ी और कर्नाटक को इंसाफ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई!” मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री और कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने शिवराज के बयान पर कहा, “बीजेपी ने हमारे लिए समस्याएं खड़ी करने के लिए सब कुछ किया है लेकिन यह कमलनाथ सरकार है, कुमारस्वामी सरकार नहीं। उन्हें यहां विधायकों की खरीद-फरोख्त करने के लिए सात जन्म लेने पड़ेंगे।”
बीजेपी के पक्ष में 105 जबकि कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार के पक्ष में 99 वोट पड़े। विश्वास मत पर वोटिंग के दौरान सदन में कुल 204 विधायक मौजूद थे। विश्वास मत के लिए 20 विधायक सदन से गैरहाजिर रहे। बहुमत हारने के बाद कुमारस्वामी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उधर, भाजपा ने कहा है कि वह कर्नाटक में सरकार बनाने का दावा पेश करेगी।
