ट्रंप ने UFO के अस्तित्व को किया खारिज, कहा- मुझे विश्वास नहीं

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अनआइडेंटिफाइड फ्लांइग ओब्जेक्ट (यूएफओ) के अस्तित्व को खारिज कर दिया है। ट्रंप ने नेवी पायलटों द्वारा उन्हें इस बारे में पूरी जानकारी देने के बाद भी इस बात पर विश्वास करने से इनकार कर दिया है। एक इंटरव्यू के दौरान ट्रंप से यूएफओ के अस्तित्व को लेकर बात की थी। तब अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें यूएफओ के अस्तित्व पर विश्वास नहीं है।
जॉर्ज ने ट्रंप से कहा कि नेवी के पायलटों ने कुछ हफ्तों पहले यूएफओ के होने की बात कही थी और यूएफओ के अस्तित्व के बारे में हमने कई रिपोर्ट्स भी पढ़ी हैं। ट्रंप ने कहा कि मैं पूरी तरह से इस बात पर विश्वास नहीं करता हूं। इस सिलसिले में मेरे साथ एक मीटिंग भी की गई जिसमें यूएफओ के अस्तित्व के दावे किए जा रहे थे, लेकिन मुझे इस पर विश्वास नहीं है।
कुछ दिन पहले नौसेना के पायलटों ने दावा किया था कि उन्होंने साल 2014 की गर्मियों से मार्च, 2015 के बीच अमेरिका के पूर्वी तट के पास हवा में उड़ती विचित्र चीजें देखी थीं। इनमें से एक का ऊपरी सिरा हवा की विपरीत दिशा में घूम रहा था। खास बात यह है कि उनमें कोई इंजन भी नजर नहीं आ रहा था, लेकिन इसके बावजूद वे सुपरसोनिक स्पीड हासिल कर 30 हजार फीट की ऊंचाई तक उड़ रही थीं। वर्ष 2014 में एक सुपर हार्नेट पायलट तो उनसे टकराने से बचा था।
