रद्दी चौकी से तहसीली चौक तक बनेगा फ्लाई ओव्हर – श्री घनघोरिया

जबलपुर । प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री लखन घनघोरिया ने आज गोहलपुर में नगर निगम द्वारा आयोजित एक समारोह में गोहलपुर शासकीय उर्दू एवं हिंदी स्कूल के करीब दो करोड़ की लागत से बनने वाले नये भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया ।
श्री घनघोरिया ने इस अवसर पर मौजूद नागरिकों को रद्दी चौकी से तहसीली चौक तक फ्लाई ओव्हर के निर्माण के प्रस्ताव की जानकारी देते हुए कहा कि हाल ही में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में फ्लाई ओव्हर की डीपीआर तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिये गये हैं ।
श्री घनघोरिया ने अपने संबोधन में आगे कहा कि जबलपुर शहर अब विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहेगा। इसे महानगरीय स्वरूप प्रदान करने की दिशा में भी सभी जरूरी कदम उठाये जायेंगे। उन्होंने रद्दी चौकी से तहसीली चौक तक प्लाई ओव्हर निर्माण के प्रस्ताव को इसी की एक कड़ी बताया।
सामाजिक न्याय मंत्री ने समारोह में क्षेत्र के वरिष्ठ जनों का सम्मान भी किया । उन्होंने इसे एक अच्छी परंपरा बताते हुए युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने बुजुर्गों से प्रेरणा लेकर समाज की बेहतरी के लिए कार्य करें।
कार्यक्रम दिनेश यादव, कदीर सोनी, बाबा रिज़वान, राजू लईक, श्रीमती फिरदौस शफीक अंसारी, शफीक अंसारी, ताहिर अली, आज़म अली खान, गुलाम हसन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिकगण उपस्थित थे।
