शौच के लिए गए किशोर की चाकू से गला रेत कर हत्या

0 62
AD Top-1 728×100

जौनपुर । उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के बाद रविवार की सुबह अलापुर गांव में शौच के लिए गए किशोर की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी गई। भूमि विवाद को लेकर चचेरे भाई पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। आरोपित घर में ताला लगाकर फरार हो गया है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर मामले की छानबीन में जुटी है। उक्त गांव निवासी पवन गौतम (15) पुत्र जवाहर लाल भोर में घर से बाहर शौच के लिए गया था। काफी देर बाद भी नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश करने लगे।

गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर खेत में कुछ महिलाओं ने पवन की लाश देखी। धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई थी। जवाहर लाल के घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र बिद व चैकीदार उदयराज ने पुलिस को सूचना दी। मछलीशहर के सीओ विजय सिंह, कोतवाल पर्व कुमार सिंह व थानाध्यक्ष मीरगंज बालेंद्र यादव सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंच गए। जवाहर लाल गौतम ने पुलिस को बताया कि उसके सगे भतीजे धर्मराज से उसकी जमीन संबंधी रंजिश चल रही थी। इसी के चलते धर्मराज ने उसके बेटे की हत्या कर दी। आरोपित घर में ताला लगाकर फरार हो चुका था। तलाशी के दौरान आरोपित के घर से मिले हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस जवाहर लाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजय राय ने घटनास्थल का निरीक्षण और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ के बाद बताया आरोपित धर्मराज के माता-पिता के देहांत के बाद जवाहर लाल गौतम ने ही उसका पालन-पोषण किया था। शनिवार की रात धर्मराज और जवाहर लाल के बीच कहासुनी हो गई थी। धर्मराज के गालियां देने पर पवन ने एतराज किया था। इसी गुस्से में उसने पवन की हत्या कर दी। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

AD Top-1 728×100
AD Top-1 728×100