14 जून को देश भर के आरडीए हड़ताल में शामिल हों – एम्स आरडीए

पश्चिम बंगाल में हिंसा का निंदा करते हुए, एम्स रेजिडेंट डॉक्टर्स असोसिएशन (आरडीए) ने भी देश भर के आरडीए से हड़ताल में शामिल होने का आग्रह किया है। गुरुवार को जारी बयान के अनुसार एम्स आरडीए ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मेडिकल डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा का चलन और बिगड़ना चिंताजनक और निराशाजनक है। बयान में कहा गया, “कानून और व्यवस्था पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। डॉक्टर्स के हॉस्टलों पर हथियारों से हमले हो रहे हैं। सरकार डॉक्टर्स को सुरक्षा और न्याय मुहैया कराने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है।”
पश्चिम बंगाल में चल रहा डॉक्टर्स का विरोध प्रदर्शन अब दिल्ली तक भी पहुंच गया है। गुरुवार को दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में कई रेजिडेंट डॉक्टर्स ने प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन के तहत अपने सिर पर पट्टियां बांधकर काम किया। इसके अलावा डॉक्टर्स ने कल यानी शुक्रवार को अपने काम का बहिष्कार करने का फैसला किया है जिससे मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
एम्स आरडीए द्वारा जारी स्टेटमेंट में कहा गया, ”एम्स आरडीए इस हिंसा की कड़ें शब्दों में निंदा करता है। इस पूरे घटनाक्रम में देशभर के रेजिडेंट्स काफी आहत हुए हैं। रेजिडेंट के लिए सुरक्षित और अहिंसक काम के माहौल के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए एम्स आरडीए पश्चिम बंगाल में हमारे कॉलेजों के समर्थन में खड़ा है और 13 जून को प्रदर्शन करने का फैसला किया है। इसके बाद 14 जून को हड़ताल होगा जिसमें इमरजेंसी सर्विस को छोड़कर बाकी दूसरे कामों का बहिष्कार किया जाएगा।”
