भोपाल में दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर मासूम की हत्या

भोपाल। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के बाद मध्यप्रदेश के उज्जैन और अब राजधानी भोपाल में एक 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी नृशंस हत्या कर दी गई। घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात की है। इस मामले में भी अलीगढ की तरह ही पुलिस का अमानवीय चेहरा उस दौरान सामने आया जब बच्ची के लापता होने की जानकारी देने परिजन कमलानगर थाने गए और थाने में मौजूद नशे में धुत सिपाही ने यह कहकर कि किसी के साथ भाग गई होगी, अपने आप लौट आएगी, परिजनों को दुत्कार कर भगा दिया। सांसद प्रज्ञा सिंह और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह बच्ची के परिजनों से मिलने पहुंचे।

हालांकि मामले के गरमाने पर पुलिस करीब चार घंटे बाद देर रात सक्रिय हुई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बच्ची के पड़ोस में ही रहने वाला युवक दरिंदगी की सारी हदें पार कर चुका था। रविवार सुबह करीब पांच बजे घर से 20 कदम की दूरी पर बच्ची को मृत स्थिति में उसके पिता ने नाले के किनारे देखा, जिसके बाद पुलिस ने शव बरामद किया। उधर इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में कमलानगर थाने के सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इनमें एक एएसआई, दो हवलदार और चार सिपाही शामिल हैं।
आरोपित युवक फरार है, जिस पर आईजी योगेश देशमुख ने 20 हजार का इनाम घोषित किया है। कमलानगर पुलिस के मुताबिक 10 वर्ष की लड़की नेहरू नगर स्थित इंडियन इंस्टीट्यूुट ऑफ फारेस्ट मैनेजमेंट (आईआईएफएम) के सामने बनी बस्ती में अपने परिवार के साथ रहती थी। उसका पिता कबाड़े का धंधा करता है। शनिवार रात करीब 8 बजे बच्ची घर के पास किराना दुकान में नानी के लिए गुटखा लेने गई थी। लेकिन इसके बाद अचानक लापता हो गई। बस्ती के लोगों के मुताबिक 9 बजे तक बच्ची का पता नहीं चलने पर परिजनों के पड़ोसियों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की।
रात भर बच्ची का कुछ पता नहीं चला। सुबह करीब 5 बजे बच्ची का पिता घर के बाहर निकला। उसने देखा कि घर से महज 20 कदम दूर उसकी लाडली का शव गटर के चेंबर पर रखे पत्थर पर रखा था। उसके सिर और गले पर चोट का निशान था। बच्ची का शव बरामद होने और उसके साथ दुष्कर्म की आशंका का पता चलते ही आईजी योगेश देशमुख,डीआईजी इरशाद वली सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
आईजी ने आरोपित पर 20 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की। इस बीच पुलिस ने आसपास सर्चिंग की। तो बच्ची के पड़ोस में रहने वाला युवक विष्णु उर्फ बबलू घर से गायब मिला। पुलिस ने उसकी झुग्गी की तलाशी ली। वहां पुलिस को खून के धब्बे मिले। बच्ची की टूटी हुई चूड़ियों के टुकड़े और बाल भी मिले।
