यूनियन बैंक आरसेटी सीधी में एलुमिनी कार्यक्रम का आयोजन !सफल उद्यमियों ने साझा की सफलता की कहानी!

यूनियन बैंक आरसेटी सीधी में एलुमिनी कार्यक्रम का आयोजन !सफल उद्यमियों ने साझा की सफलता की कहानी!

धर्मेन्द्र सिंह बघेल पत्रकार
एमजे पत्रकारिता सीधी 9685862485
यूनियन बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) सीधी में बुधवार को एसोसिएशन ऑफ द सक्सेसफुल आरसेटी एंटरप्रेन्योर्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संस्थान से विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके पूर्व प्रशिक्षणार्थियों को एक मंच पर लाना तथा स्वरोजगार के क्षेत्र में सफलता हासिल करने वाले उद्यमियों को सम्मानित करना था। इस अवसर पर सफल उद्यमियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में नाबार्ड के डीडीएम श्री देवेश सिंह, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री अभिलाष मराबी, जिला श्रम अधिकारी श्रीमती आकांक्षा पाठक, आईटीआई सीधी से श्रीमती अल्का शुक्ला, वन स्टॉप सेंटर से श्रीमती अरुणिमा पाठक, कौशल आजीविका मिशन के प्रबंधक श्री देवेश मिश्रा तथा जिला माइक्रो प्रबंधक आजीविका मिशन श्री अजय सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक श्री शिवेन्द्र कुमार चौधरी ने की। इस दौरान प्रशिक्षक श्री काशीनाथ दास सहित संस्थान के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण से आत्मनिर्भरता तक का सफर साझा किया
कार्यक्रम में शामिल पूर्व प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आरसेटी से प्राप्त प्रशिक्षण और मार्गदर्शन ने उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने तथा आत्मनिर्भर बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी सफलता की कहानियों के माध्यम से बताया कि किस प्रकार उन्होंने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया और आज अन्य लोगों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
स्वरोजगार के विस्तार और वित्तीय सहायता पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों और बैंक अधिकारियों ने उद्यमियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। चर्चा में स्वरोजगार को बड़े स्तर पर ले जाने, व्यवसाय के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने तथा बैंक ऋण और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने जैसे विषय प्रमुख रहे। अधिकारियों ने उद्यमियों को उपलब्ध वित्तीय सहायता के विकल्पों की जानकारी देते हुए व्यवसाय की वृद्धि के लिए उचित योजना और संसाधनों के प्रभावी उपयोग के महत्व पर प्रकाश डाला।
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है आरसेटी
संस्थान के अधिकारियों ने सफल उद्यमियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आरसेटी का उद्देश्य युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार के माध्यम से आजीविका के स्थायी अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग करना है। संस्थान भविष्य में भी प्रशिक्षणार्थियों को मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा, ताकि वे अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकें।
