अपर कलेक्टरों के बीच नये सिरे से कार्य विभाजन

जबलपुर, 4 नवंबर। कलेक्टर भरत यादव ने जिले में पदस्थ अपर कलेक्टरों के बीच नये सिरे से कार्य विभाजन किया है । प्रशासनिक कार्य में सुविधा की दृष्टि से भी किये गये कार्य विभाजन आदेश के मुताबिक भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हर्ष दीक्षित को अपर कलेक्टर एवं अपर जिला दंडाधिकारी शहर-एक अधारताल एवं गोरखपुर बनाया गया है । उन्हें रेडक्रॉस, आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नेशनल हेल्थ मिशन, खाद्य विभाग, उपार्जन संबंधी कार्य, सहकारिता विभाग, मदन महल पहाड़ी से संबंधित सभी कार्य, सामान्य एवं स्थानीय निर्वाचन का नोडल अधिकारी, जनशिकायत निवारण प्रकोष्ठ, एसडब्ल्यू शाखा प्रभारी अधिकारी भाड़ा नियंत्रण एवं लोक परिसर बेदखली का प्रभार भी सौंपा गया है ।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रियंक मिश्रा अपर कलेक्टर विकास का दायित्व संभालेंगे । उन्हें कलेक्टर कार्यालय की विकास शाखा, प्रधानमंत्री रोजगार योजना, वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं हरियाली योजना, राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना, समग्र स्वच्छता अभियान, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, पंचायत एवं समाजसेवा, खेल एवं युवक कल्याण, आम आदमी समूह बीमा योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, कृषि, ग्रामोद्योग, मत्स्यपालन, पशु चिकित्सा, रेशम, उद्यानिकी मिशन, ग्राम स्वास्थ्य गारंटी योजना, दीनदयाल अंत्योदय मिशन, जनसंपर्क निधि शाखा का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है । श्री मिश्रा ई-गवर्नेंस, लोकसेवा प्रबंधन, आपकी सरकार आपके द्वार योजना, महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रभारी अधिकारी भी होंगे ।
कार्य विभाजन आदेश में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी संदीप जीआर को अपर कलेक्टर एवं अपर जिला दंडाधिकारी शहर-दो रांझी अनुविभाग की जिम्मेदारी दी गई है । श्री संदीप जीआर खनिज शाखा, जिला पंजीयक, पीआईयू, लोक निर्माण विभाग, पुरातत्व, शहरी विकास अभिकरण एवं नगरीय निकायों से जुड़े सभी विषयों, कालोनी प्रकोष्ठ, सत्कार शाखा, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी, आबकारी विभाग, शस्त्र अनुज्ञप्ति शाखा के प्रभारी अधिकारी भी बनाये गये हैं ।
राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी व्ही.पी. द्विवेदी को नये कार्य विभाजन आदेश में अपर कलेक्टर एवं अपर जिला दंडाधिकारी ग्रामीण का दायित्व दिया गया है । श्री द्विवेदी कलेक्टर कार्यालय की वित्त, स्थापना शाखा, अधीक्षक शाखा, कालोनी सेल (ग्रामीण क्षेत्र), मीसा बंदी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, धर्मस्व एवं पुनर्वास शाखा, दंगा पीड़ित शाखा, खनिज विभाग से संबंधित पर्यावर्णीय सुनवाई, भू-अभिलेख, भू-प्रबंध, डायवर्सन, सीलिंग प्रकोष्ठ, नजूल एवं नजूल स्थापना, राजस्व अभिलेखागार, नाजरात शाखा के प्रभारी अधिकारी भी होंगे । उन्हें जिला सतर्कता अधिकारी भी बनाया गया है । श्री द्विवेदी विदेशी नागरिकों के बीजा संबंधी कार्य, पासपोर्ट संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन, विवाह अधिकारी एवं शोध क्षमता प्रमाण पत्र का कार्य भी देंगे ।
