मोदी सरकार ने जानबूझकर कश्मीर का अंतरराष्ट्रीयकरण किया है: कांग्रेस

0 64
AD Top-1 728×100

नई दिल्ली,30 अक्टूबर। यूरोपीय संघ के सांसदों के कश्मीर दौरे को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस पार्टी ने कहा कि मोदी सरकार ने जानबूझकर कश्मीर का अंतरराष्ट्रीयकरण किया है। कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि बीजेपी सरकार ने देश की संसद और प्रजातंत्र का घोर अपमान किया है। उन्होंने कहा कि हमारे अपने सांसद और विपक्ष के नेताओं के कश्मीर जाने पर बीजेपी गिरफ्तार करके वापस भेज देती है जबकि निजी यात्रा पर आए यूरोपीय सांसदों के लिए रेड कार्पेट बिछा रही है। सुरजेवाला ने कहा कि पिछले 72 साल से देश की स्पष्ट नीति है कि कश्मीर हमारा आंतरिक मामला है और इसमें हम किसी भी तीसरे पक्ष की दखलअंदाजी स्वीकार नहीं करेंगे।
पिछले 3 दिनों में इस नीति को पलटकर मोदी सरकार ने अक्षम्य अपराध किया है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि पिछले तीन दिनों में एक अंतरराष्ट्रीय ब्रोकर द्वारा प्रायोजित मोदी सरकार का अपरिपक्व, विवेकहीन और मूर्खतापूर्ण प्रचार-स्टंट देश ने देखा। पूरी तरह से अनजान थिंक-टैंक द्वारा यूरोपीय संसद के 27 सदस्यों को भारत लाकर पीएम से मुलाकात कराई गई। कांग्रेस नेता ने कहा कि सच्चाई ये है कि यह भारत के इतिहास की सबसे बड़ी कूटनीतिक भूल है। दूसरी बात यह है कि मोदी सरकार ने जानबूझकर कश्मीर का अंतरराष्ट्रीयकरण किया है और कश्मीर को आंतरिक मामला मानने की हमारी नीति का उल्लंघन किया है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कश्मीर के जमीनी हालात का आकलन करने के लिए एक तीसरे पक्ष को शामिल करके बड़ी गलती की है, वह भी एक अज्ञात थिंक टैंक के जरिए। ऐसा करके सरकार ने जम्मू-कश्मीर पर भारत की संप्रभुता का अपमान किया है। उन्होंने सरकार से सवाल पूछते हुए कहा, मैडी (मादी) शर्मा किस हैसियत से यूरोपियन यूनियन के सांसदों की निजी यात्रा के लिए प्रधानमंत्री की अपॉइंटमेंट तय कर रही हैं? भारत सरकार इनका स्वागत क्यों कर रही है? इस यात्रा का पैसा कहां से आ रहा है? विदेश मंत्रालय को क्यों दरकिनार किया गया?’ कांग्रेस ने मांग की है कि प्रधानमंत्री मोदी देश की संसद का अपमान करने वाले और देश की संप्रभुता एवं सुरक्षा को चुनौती देने वाले इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करें।

AD Top-1 728×100
AD Top-1 728×100