विधायक दल के नेता बने फडणवीस, बोले- शिवसेना संग बनेगी सरकार

0 28
AD Top-1 728×100

मुंबई,30 अक्टूबर।  महाराष्‍ट्र में सरकार बनाने को लेकर जारी तनातनी के बीच बीजेपी ने शिवसेना के साथ रिश्तों पर जमी बर्फ पिघलाने की कोशिश की है। बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा चुनाव में मिली जीत के लिए शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर यह जनादेश बीजेपी और शिवसेना गठबंधन के लिए है क्योंकि हमने गठबंधन के लिए ही वोट मांगे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे में किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए, राज्य में गठबंधन सरकार ही बनेगी।
फडणवीस ने कहा, हम जल्द ही सरकार बनाएंगे। परेशान मत होइए, हम एक स्थिर सरकार देंगे।’ उन्होंने अपने विधायकों से कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें, बीजेपी और शिवसेना गठबंधन की ही सरकार बनेगी। फडणवीस के इस बयान के बाद अब माना जा रहा है कि सरकार बनाने को लेकर जारी अनिश्चितता के बादल छंट सकते हैं। बुधवार को एक ओर जहां निवर्तमान मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया, वहीं शिवसेना नेता संजय राउत पार्टी अध्‍यक्ष उद्धव ठाकरे से मिलने उनके आवास ‘मातोश्री’ पहुंचे हैं। यहां सरकार गठन को लेकर मंथन जारी है। शिवसेना ने गुरुवार को अपने विधायक दल की बैठक बुलाई है।
गौरतलब है कि वर्तमान में सदन के नेता देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा था कि वह अगले पांच वर्षों के लिए मुख्यमंत्री बने रहेंगे। उनके इस बयान के बाद शिवसेना ने बीजेपी के साथ होने वाली बैठक रद्द कर दी थी। पार्टी का कहना है कि वह अब केवल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से ही बात करेगी जब वह उद्धव ठाकरे के आवास ‘मातोश्री’ आएंगे। बीजेपी से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि शाह एक या दो नवंबर को मुंबई आ सकते हैं, लेकिन यह स्‍पष्‍ट नहीं है कि वह उद्धव ठाकरे से मिलने उनके घर जाएंगे कि नहीं। बता दें कि बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पार्टी के उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना को महाराष्ट्र विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नामित किया था।

AD Top-1 728×100
AD Top-1 728×100