जब तक जनता को न्याय नहीं दिला देता, चैन से नहीं बैठूंगा

भोपाल। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने मंदसौर में कलेक्टर कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन के दौरान कहा कि कांग्रेसी भोपाल में बैठे-बैठे स्टेटमेंट दे रहे हैं कि शिवराज जनता की अदालत लगा रहे हैं। आप जनता की मदद नहीं करोगे, उसकी तकलीफों के प्रति असंवेदनशील रहोगे, तो जनता कहाँ जाएगी। मैंने आज जनता की अदालत लगाई है और जब तक जनता को न्याय नहीं दिला देता चैन से नहीं बैठूंगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस धरने को ‘जनता की अदालत’ नाम दिया है और उन्होंने यहां बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं भी सुनीं।
पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज का आंदोलन रचनात्मक आंदोलन है। हंगामा खड़ा करना हमारा मकसद नहीं है। हम सोती हुई सरकार को कुंभकरणी निद्रा से जगाने आए हैं। हम चाहते तो आज ही कलेक्ट्रेट घेर लेते, लेकिन हमने आज जनता की अदालत लगाई है। इसमें जनता अपनी तकलीफें बताएगी और हम उन्हें नोट करेंगे। इन तकलीफों को दूर करने का प्रयास भी करेंगे। श्री चौहान ने कहा कि मेरी पहली कोशिश है सरकार को जगाना और जनता की मदद करना। हम कमलनाथजी को चैन से सोने नहीं देंगे।
