प. बंगाल: बर्द्धमान स्टेशन का नाम बदलने की घोषणा को लेकर चढ़ा सियासी पारा

कोलकाता, 23 जुलाई । केंद्र सरकार द्वारा पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर महान क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त किए जाने के निर्णय के बाद सियासत गर्म हो उठी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार के इस निर्णय पर नाराजगी जाहिर करते हुए इस असंवैधानिक करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार को अंधेरे में रखकर स्टेशन का नाम बदलने का निर्णय लिया गया।
गत 20 जुलाई को महान स्वतंत्रता सेनानी बटुकेश्र्वर दत्त की 54वीं पुण्यतिथि पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय पटना के जक्कनपुर गांव में उनके परिवार से मिलने पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने बर्द्धमान रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर बंगाल के महान क्रांतिकारी बटुकेश्र्वर दत्त के नाम पर रखने का एलान किया था। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही केंद्र सरकार इस बाबत आदेश जारी कर देगी। इस घोषणा को लेकर पहले से ही तृणमूल और भाजपा के बीच चल रही खींचतान के बीच फिर से बंगाल का सियासी पारा चढ़ गया।
