खड़गे के मंच के कथित शुद्धिकरण पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी हल्लाबोल, राहुल गांधी पर FIR के विरोध में सड़कों पर उतरे कांग्रेसी

0 27
AD Top-1 728×100

खड़गे के मंच के कथित शुद्धिकरण पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी हल्लाबोल, राहुल गांधी पर FIR के विरोध में सड़कों पर उतरे कांग्रेसी

सीधी/भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद मंच के कथित रूप से शुद्धिकरण किए जाने के आरोपों और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन जारी है। कांग्रेस ने इसे दलित विरोधी मानसिकता से जोड़ते हुए भाजपा और उत्तराखंड पुलिस की कार्रवाई पर तीखे सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि खड़गे की सभा के बाद मंच का कथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय इस मामले को लेकर आवाज उठाने वाले राहुल गांधी के खिलाफ ही FIR दर्ज कर दी गई। कांग्रेस ने इसे दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई बताते हुए FIR तत्काल वापस लेने और कथित शुद्धिकरण के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सीधी में जिला कांग्रेस का पैदल मार्च

इसी मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सीधी ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में पैदल मार्च निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने तथा मंच के कथित शुद्धिकरण के मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान में समानता और सम्मान का अधिकार सभी नागरिकों को प्राप्त है। किसी भी प्रकार के कथित भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने वालों को निशाना बनाने के बजाय पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

भोपाल में भी सड़कों पर उतरी कांग्रेस

भोपाल शहर में जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में टीन शेड से रोशनपुरा चौराहे तक पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज FIR को तत्काल वापस लेने तथा उत्तराखंड में कथित रूप से जिम्मेदार भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन में पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, उत्तर विधानसभा विधायक आतिफ अकील, प्रदेश कांग्रेस महासचिव संजीव सक्सेना, सेवादल अध्यक्ष अवनीश भार्गव, संगठन महामंत्री अभिषेक शर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव गुड्डू चौहान, प्रदेश कांग्रेस सचिव राजकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस का ऐलान—मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक सम्मान और संविधान में निहित समानता के अधिकार से जुड़ा विषय है। कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने और कथित शुद्धिकरण मामले में कार्रवाई की मांग दोहराते हुए कहा कि मांग पूरी होने तक प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन जारी है और कांग्रेस कार्यकर्ता अलग-अलग जिलों में पैदल मार्च, प्रदर्शन और विरोध-प्रदर्शन के माध्यम से सरकार के सामने अपनी मांगें रख रहे हैं।

 

ABP News 9 पत्रकार धर्मेंद्र सिंह बघेल व

कुबेर तोमर

AD Top-1 728×100
AD Top-1 728×100