J&K का बदला इतिहास, सरकार के दरबार में पहली बार लहराया राष्ट्रीय ध्वज

श्रीनगर, 4 नवंबर। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की शीतकालीन राजधानी जम्मू में सरकार का पहला दरबार सज गया है। सुबह साढ़े नौ बजे उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू सचिवालय पहुंचें और गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद नागरिक सचिवालय की इमारत पर पहली बार केवल राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहरया गया।
दरअसल जम्मू-कश्मी की पुरानी परंपरा और नियमों के मुताबिक सचिवालय भवन पर तिरंगे के साथ राज्य का झंडा भी फहराया जाता था लेकिन सोमवार को इतिहास बदल गया है। वहीं दरबार सजने के बाद उपराज्यपाल मुर्मू ने नागरिक सचिवालय में अपने नए कार्यालय से शासन की बागडोर संभाल ली। वह अपने आवास राजभवन से भी कामकाज देखेंगे।
‘दरबार परिवर्तन’ के तहत जम्मू कश्मीर सरकार छह महीने श्रीनगर से और छह महीने जम्मू से काम करती है। जम्मू-कश्मीर राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों– जम्मू कश्मीर और लद्दाख में बांटे जाने के बाद यह पहला दरबार परिवर्तन है। मुर्मू ने जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के उप राज्यपाल के रूप में 31 अक्टूबर को पदभार ग्रहण किया था। उपराज्यपाल ने अधिकारियों को कानून व्यवस्था के हर पहलू पर नजर रखने का निर्देश दिया तथा सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए पुलिस और नागरिक प्रशासन के बीच समन्वय बनाये रखने के महत्व पर बल दिया।
