राजधानी में मिली एक नम्बर की दो कारे

लखनऊ, 4 सितंबर । । राजधानी लखनऊ हर क्षेत्र में जालसाजों के शिकंजे में है। इसका प्रमाण मंगलवार को एक ही नंबर की दो कार आगे-पीछे फर्राटे भरती मिली। अपने ही नंबर की कार देख मालिक के होश उड़ गए। उसने पीछा कर कार को रोका और उसे मड़ियांव पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक मड़ियांव संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, भटपुर के रहने वाले भूपेंद्र सिंह की कार टैक्सी का नंबर यूपी 32 एचएन 5058 है। वह मंगलवार को भिठौली की तरफ जा रहे थे। इसी बीच उनके सामने एक और कार दिखी। जिस पर उनके कार का नंबर दर्ज था।
कार पर नंबर प्लेट जो लगा था वह टैक्सी का था। कार मालिक ने पीछा कर कार को रोका और उसे मड़ियांव थाने की अजीजनगर पुलिस चैकी में खड़ा करा दिया। मालिक भूपेंद्र सिंह के मुताबिक, जब फर्जी नंबर वाली कार इंजन व चेचिस नंबर चेक किया गया तो पता चला कि प्रदीप शर्मा जानकीपुरम के नाम से शोरूम से ली गई है।कार के बारे में बताया जा रहा है कि यह चोरी की गाड़ी है। भटपुर के भूपेंद्र सिंह को आशंका है कि कार चालकों ने उनके रजिस्ट्रेशन नंबर का प्रयोग कर बड़े अपराध को अंजाम तो नहीं दिया।उन्होंने देर शाम को मड़ियांव थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के मुताबिक दोनों गाड़ियों के इंजन व चेचिस नंबर जांच के लिए भेजे गये है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
