मुख्यमंत्री का दौरा विधानसभा सिहावल के बाहरी में

मुख्यमंत्री जी के बाहरी कार्यक्रम सिहावल विधानसभा जिला सीधी में 9 जनवरी 26 को
विधायक विश्वामित्र पाठक सिहावल, कलेक्टर सीधी, पुलिस अधीक्षक सीधी आज कार्यक्रम का जायजा लेते हुए 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज आयेंगे बहरी
धर्मेंद्र सिंह बघेल पत्रकार सीधी
सीधी 08 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रीवा एयरपोर्ट से हेलीकाप्टर द्वारा अपरान्ह 2 बजे सीधी जिले के बहरी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री बहरी में विभिन्न विभागों के हितग्राहियों के प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। साथ ही विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होने के उपरांत हेलीकाप्टर द्वारा शाम 4 बजे रीवा एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
—————-
शीतलहर के कारण कक्षा नर्सरी से 8वीं तक अवकाश घोषित
सीधी 08 जनवरी 2026
कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने शीतलहर एवं तापमान में आई गिरावट को दृष्टिगत रखते हुए सीधी जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, माध्यमिक शिक्षा मण्डल एवं अन्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों की कक्षा नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए दिनांक 09 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया है।
आदेशानुसार शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे तथा अन्य शासकीय कार्य संपादित करेंगे। परीक्षा एवं अन्य आवश्यक गतिविधियाँ पूर्ववत संचालित रहेंगी।
—————-
कार्यस्थलों पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश
सीधी 08 जनवरी 2026
सहायक श्रम पदाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले के समस्त प्रतिष्ठानों, कारखानों, निर्माण स्थलों तथा वाणिज्यिक एवं सेवा संस्थानों में कार्यरत श्रमिकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं गरिमा को दृष्टिगत रखते हुए कार्यस्थलों पर स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना नियोजक का वैधानिक दायित्व है।
उन्होंने बताया कि कतिपय कार्यस्थलों पर पेयजल संबंधी प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा है, जो श्रम कानूनों का उल्लंघन है। कारखाना अधिनियम 1948, ठेका श्रम अधिनियम 1970, म.प्र. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार अधिनियम 1996, दुकान स्थापना अधिनियम 1958 एवं व्यवसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियाँ संहिता 2020 के अंतर्गत सभी संस्थानों में स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप पीने योग्य जल उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
सहायक श्रम पदाधिकारी ने समस्त कार्यालय प्रमुखों, निर्माण कार्य विभागों तथा वाणिज्यिक एवं सेवा संस्थानों के संचालक/प्रबंधकों को निर्देशित किया है कि वे शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
—————-
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस सीधी में दो दिवसीय राष्ट्रीय शोध सेमिनार सम्पन्न
सीधी 08 जनवरी 2026
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, संजय गांधी स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी में दिनांक 07 एवं 08 जनवरी 2026 को मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में वनस्पति विज्ञान विभाग के संयोजन में दो दिवसीय राष्ट्रीय शोध सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। शोध सेमिनार का विषय ‘‘इमर्जिंग ट्रेंड्स एंड रिसेंट एडवांसेज इन रिसर्च इन प्लांट साइंसेज‘‘ (Emerging Trends and Recent Advances in Research in Plant Sciences) रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। स्वागत उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं से पधारे प्राध्यापकों, शोधार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का विषय प्रवेश डॉ. आई.पी. प्रजापति, विभागाध्यक्ष वनस्पति शास्त्र द्वारा कराया गया। सेमिनार की विस्तृत रूपरेखा एवं मुख्य वक्ताओं का परिचय डॉ. राकेश सिंह चौहान द्वारा प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अमित दुबे, फील्ड डायरेक्टर एवं सीसीएफ, संजय दुबरी अभ्यारण रहे। उन्होंने इस प्रकार के अकादमिक आयोजनों को ज्ञान-विस्तार का सशक्त माध्यम बताते हुए आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा नवीन शोध एवं अनुसंधान को बढ़ावा देने पर बल दिया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. ए.आर. सिंह, डॉ. पी.के. सिंह एवं डॉ. ए.पी. सिंह रहे।
उद्घाटन सत्र के पश्चात सेमिनार को चार तकनीकी सत्रों में आयोजित किया गया। प्रथम तकनीकी सत्र में डॉ. सनत कुमार त्रिपाठी, डीन, शासकीय कृषि महाविद्यालय रीवा एवं डॉ. स्कंद कुमार मिश्रा ने अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए। द्वितीय तकनीकी सत्र में डॉ. डी.के. कापगते (पूर्व प्राध्यापक, नागपुर विश्वविद्यालय, महाराष्ट्र), डॉ. प्रताप श्रीवास्तव (सहायक प्राध्यापक, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज) एवं डॉ. मिथिलेश यादव (सहायक प्राध्यापक, जौनपुर, उत्तर प्रदेश) ने शोधपरक व्याख्यान दिए।
द्वितीय दिवस तृतीय तकनीकी सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. जय सिंह चौहान (पूर्व प्राध्यापक, भूगोल), डॉ. पी.के. सिंह (पूर्व प्राचार्य), प्रो. नवीन कांगो (माइक्रोबायोलॉजी विभाग, डॉ. हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर) एवं डॉ. अनिल सिंह (विभागाध्यक्ष, अंग्रेजी) ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
शोध संगोष्ठी के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा शोध पत्र प्रस्तुतिकरण किया गया तथा पोस्टर प्रदर्शनी में भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई। आभार प्रदर्शन के साथ राष्ट्रीय शोध सेमिनार का समापन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिलीप कुमार सोनी, विभागाध्यक्ष समाजशास्त्र एवं डॉ. आकांक्षा मिश्रा, सहायक प्राध्यापक, प्राणी शास्त्र द्वारा किया गया। महाविद्यालय के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के सहयोग से यह राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
समाचार क्रमांक 53-53 फोटो क्रमांक 55-58
—————-
शासकीय महाविद्यालय मझौली की छात्राएँ राज्य स्तरीय युवा उत्सव में दिखाएँगी प्रतिभा का हुनर
सीधी 08 जनवरी 2026
मध्य प्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के निर्देशानुसार सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन में आयोजित किए जा रहे त्रिदिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव में प्रदेश के 21 विश्वविद्यालयों से चयनित प्रतिभागी छात्र-छात्राएँ सहभागिता करेंगे। इस राज्य स्तरीय आयोजन में शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय मझौली की छात्राएँ भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
महाविद्यालय के युवा उत्सव प्रभारी डॉ. संदीप कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय मझौली से चयनित दो छात्राएँ वैष्णवी मिश्रा (पोस्टर निर्माण विधा) एवं राजकुमारी प्रजापति (मूर्तिकला विधा) में अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा का राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व करेंगी। दोनों छात्राएँ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उज्जैन के लिए रवाना हो चुकी हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गीता भारती ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर महाविद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि युवा उत्सव न केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक चेतना के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
राज्य स्तर पर चयनित छात्राओं को महाविद्यालय जनभागीदारी अध्यक्ष श्री पवन कुमार मिश्रा, सेवानिवृत्त ग्रंथपाल डॉ. एस.आर. भारती, प्रो. बी.एल. सिंह आयाम, डॉ. कोमल पांडे, श्री मनीष कुमार सोनी सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
समाचार क्रमांक 54-54 फोटो क्रमांक 59
—————-
5 जनवरी से 12 जनवरी तक डीएडब्लूएन योजना के अंतर्गत साप्ताहिक कार्यक्रम
सीधी 08 जनवरी 2026
मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री प्रयागलाल दिनकर के मार्गदर्शन में 5 से 12 जनवरी तक डीएडब्लूएन योजना के अंतर्गत साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी के तहत विनय इंस्टीट्यूट सीधी के छात्र एवं छात्राओं को नशामुक्ति अभियान के अन्तर्गत सभी कों उसके दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पॉक्सों एक्ट, मध्यस्थता योजना, शिक्षा का अधिकार, नालसा 15100 निःशुल्क विधिक सहायता, आदि विधिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में इंस्टीट्यूट में उपस्थित छात्रों को नशामुक्ति अभियान के तहत बताया कि मादक पदार्थों के सेवन से गंभीर सामाजिक, मनोवैज्ञानिक और शारीरिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। नशामुक्ति हेतु एक टोल-फ्री हेल्पलाइन 14446 स्थापित की गई है ताकि इस हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता चाहने वाले व्यक्तियों को प्राथमिकता परामर्श और तत्काल रेफरल सेवाएं प्रदान की जा सकें। साथ ही उन्होनें कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों और शिक्षकों को विधिक सहायता योजना का उद्देश्य बताते हुए कहा कि नशा पीड़ितों को मुफ्त कानूनी सहायता उनके अधिकारों और पुर्नवास के लिए उपलब्धि योजनाओं जैसे एनडीपीएस एक्ट के बारे में जागरूक करना है। ताकि वह नशे के चंगुल से बाहर निकल सके और समाज में फिर से जुड़ सके, जिसमें पुर्नवास केद्रों से समन्वय और स्वयंसेवी संस्थानों की भागीदारी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि युवाओं पर नशे का गलत असर पड़ता हैं। जो हमारे आज और भविष्य को प्रभावित करता हैं।
उक्त कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी, पैरालीगल वॉलेंटियर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।
—————-
