सीबीआई ने ईडी को चिदंबरम को गिरफ्तार कर पूछताछ की इजाजत दी!

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर। जेल में बंद पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को एक और झटका लगा है। सीबीआई कोर्ट ने ईडी को पूर्व वित्त मंत्री को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की इजाजत दे दी है। ईडी की टीम कल सुबह तिहाड़ जेल जाकर पी चिदंबरम को गिरफ्तार करेगी। इसके बाद जांच एजेंसी उन्हें कल शाम में ही कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। इससे पहले सोमवार को चिदंबरम की ईडी की कस्टडी के मामले में दिल्ली के रॉउस एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई थी और फैसला सुरक्षित रखा गया था।
कोर्ट में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा था कि हमें मनी लॉन्ड्रिंग केस में कस्टोडियल इंटेरोगेशन की जरूरत है। इस पर पी चिदंबरम के वकील कपिल सिब्बल ने विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि आईएनएक्स मीडिया केस में ईडी को चिदंबरम को कस्टडी में लेने की जरूरत ही नहीं है। कोर्ट में ईडी ने चिदंबरम को कस्टडी में लेकर पूछताछ करने की मांग की थी। इस पर कपिल सिब्बल ने कहा था कि हम इसका विरोध करते हैं।
ईडी ने कहा था कि मनी लांड्रिंग अपने आप में एक अपराध है। एक केस की जांच दूसरे से अलग होती है। चिदंबरम भले ही सीबीआई की कस्टडी में रहे हों, उन्हें गिरफ्तार किया गया हो, लेकिन ईडी को उनकी गिरफ्तारी और कस्टडी का हक है, क्योंकि मनी लांड्रिंग अपने आप में एक अलग तरह का अपराध है।
