केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने बिहार में बाढ़ के लिए ‘हथिया नक्षत्र’ को ठहराया जिम्मेदार

नई दिल्ली/पटना, 1 अक्टूबर। बिहार में आई विनाशकारी बाढ़ को प्राकृतिक आपदा करार देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि राज्य में ‘‘हथिया नक्षत्र” के कारण जबरदस्त बारिश हो रही है। राष्ट्रीय राजधानी में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से बिहार में जारी मूसलाधार बारिश ‘हथिया नक्षत्र’ के कारण हो रही है। हथिया नक्षत्र में कभी-कभी बहुत भयंकर बारिश होती है। बारिश ने अब प्राकृतिक आपदा का रूप ले लिया है।
चौबे ने कहा कि बिहार की भाजपा-जदयू गठबंधन सरकार, जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग 24 घंटे राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं और स्थिति से निपटने के लिए काम कर रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री समेत पूरी राज्य सरकार स्थिति की नजदीक से निगरानी कर रही है। जिन लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है उनको राहत पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से बिहार में बाढ़ का कहर देखने को मिल रहा है। अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है। पिछले 24 घंटे से बारिश रुकी है जिसके कारण पानी निकालने का काम जारी है। युद्धस्तर पर एनडीआरएफ की टीमों के द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है।
